PM Kisan Yojana: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देशभर के करोड़ों किसान 22वीं किस्त की तारीख का इंतजार कर रहे थे. अब किसानों का यह इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. सरकार ने पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त की तारीख का ऐलान कर दिया है. आइए जानते हैं किस दिन पात्र किसानों के बैंक खातों में 2000 रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे.
कब खाते में आएंगे 2-2 हजार?
काफी समय से यह चर्चा चल रही थी कि फरवरी के अंत तक किसानों के खातों में पैसे आ सकते हैं. इसके बाद कहा गया कि होली से पहले किस्त जारी हो सकती है. कई मीडिया रिपोर्ट में 13 मार्च की तारीख सामने आई थी और अब सरकार की ओर से भी इस तारीख की पुष्टि कर दी गई है. पीएम किसान के ऑफिशियल अकाउंट पर जारी हुए पोस्ट के अनुसार पीएम किसान की 22वीं 13 मार्च को आएगी.
पीएम किसान योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को की गई थी. इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि तीन बराबर किस्तों में दी जाती है, यानी हर चार महीने में किसानों को 2,000 रुपये मिलते हैं. अब तक सरकार किसानों को 21 किस्तें जारी कर चुकी है और अब 22वीं किस्त जारी होने वाली है.
इन किसानों को नहीं मिलेंगे पैसेहालांकि, सभी किसानों को इस बार किस्त का लाभ नहीं मिलेगा. जिन किसानों ने जरूरी प्रक्रियाएं पूरी नहीं की हैं, उनकी किस्त अटक सकती है. पीएम किसान योजना का लाभ लेने के लिए ई-केवाईसी पूरा होना जरूरी है. अगर किसी किसान का ई-केवाईसी पूरा नहीं है तो उसके खाते में पैसे नहीं आएंगे.
इसके अलावा अब फार्मर आईडी बनवाना भी जरूरी कर दिया गया है. जिन किसानों ने अभी तक फार्मर आईडी नहीं बनवाई है, उन्हें भी समस्या हो सकती है.
कुछ मामलों में बैंक से जुड़ी गलत जानकारी भी परेशानी का कारण बनती है. अगर आवेदन करते समय बैंक अकाउंट नंबर या आईएफएससी कोड गलत भर दिया गया है, तो किस्त आने में दिक्कत हो सकती है.
किसान अपने नाम की स्थिति आसानी से ऑनलाइन चेक कर सकते हैं. इसके लिए-
- पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा.
- यहां 'Farmers Corner' में 'Know Your Status' विकल्प पर क्लिक करें.
- अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा भरें.
- इसके बाद किसान देख सकते हैं कि उनका ई-केवाईसी, लैंड सीडिंग और आधार बैंक सीडिंग पूरा है या नहीं.
अगर पहले किसी कारण से किस्त रुक गई थी और अब किसान ने सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं, तो भविष्य में फिर से किस्त मिल सकती है. कुछ मामलों में पिछली रुकी हुई किस्त भी बाद में मिल सकती है, लेकिन यह पूरी तरह जांच और पात्रता पर निर्भर करता है.














