दिल्ली में पानी की बढ़ती जरूरत और भविष्य में पानी की कमी की चिंता को देखते हुए सरकार ने 'कैच द रेन 2026' अभियान शुरू किया है. इस अभियान का मकसद बारिश के पानी को बचाना और ज्यादा से ज्यादा लोगों को रेन वॉटर हार्वेस्टिंग अपनाने के लिए प्रेरित करना है. सरकार का मानना है कि अगर बारिश के पानी को सही तरीके से जमा किया जाए, तो आने वाले समय में पानी की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है. इसी वजह से राजधानी में लोगों को इस अभियान से जोड़ने और पानी बचाने के लिए जागरूक करने पर खास जोर दिया जा रहा है.
प्रधानमंत्री के संदेश को आगे बढ़ा रहा अभियान
दिल्ली सरकार का कहना है कि ये अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'Catch the Rain' संदेश से प्रेरित है. सरकार चाहती है कि बारिश का पानी बचाने की ये कोशिश सिर्फ सरकारी योजना बनकर न रह जाए, बल्कि आम लोगों का अभियान बने. इसके लिए स्कूलों, कॉलेजों, हाउसिंग सोसायटी और कई दूसरी जगहों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा. लक्ष्य है कि जहां बारिश हो, वहीं उसका पानी जमा किया जाए ताकि उसका बेहतर इस्तेमाल हो सके.
रेन वॉटर हार्वेस्टिंग लगाने पर मिलेगी मदद
अभियान के तहत दिल्ली जल बोर्ड (DJB) लोगों को रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए पैसों की मदद देगा. योग्य लोगों को 50 हजार रुपये तक की सहायता मिल सकती है. इसके साथ ही सिस्टम लगाने से जुड़ी जरूरी जानकारी और तकनीकी मदद भी दी जाएगी. सरकार को उम्मीद है कि इससे ज्यादा लोग अपने घरों, स्कूलों और अन्य भवनों में बारिश का पानी जमा करने की व्यवस्था बनाएंगे.
स्कूलों और दूसरी जगहों को भी जोड़ा जाएगा
सरकार स्कूलों और अन्य सार्वजनिक जगहों पर भी बड़े स्तर पर बारिश का पानी जमा करने और जमीन के नीचे पानी बढ़ाने की व्यवस्था तैयार करेगी. इससे बच्चों और युवाओं को पानी बचाने का महत्व समझने में मदद मिलेगी. साथ ही आने वाली पीढ़ी को पानी की कीमत का एहसास भी होगा.
क्या है कैच द रेन अभियान
कैच द रेन जल शक्ति मंत्रालय की एक खास पहल है. इसका संदेश है कि जहां बारिश हो और जब बारिश हो, वहीं उसके पानी को सहेज लिया जाए. इस अभियान का उद्देश्य लोगों को पानी बचाने के लिए प्रेरित करना और बारिश के पानी का सही इस्तेमाल बढ़ाना है. सरकार ने लोगों से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है ताकि भविष्य में पानी की कमी की समस्या से बचा जा सके.
यह भी पढ़ें: हरियाणा में अब हर घर होगी सोलर पावर, बिना लोन-गारंटी छत पर लगेगा 1 किलोवाट का सिस्टम, जानिए क्या है सरकार की योजना