संचिता उगले ने 14 जून को अपने घर पर आत्महत्या कर ली. एक्ट्रेस के इस तरह सुसाइड करने के चलते मौत के इर्द गिर्द कई सवाल मंडरा रहे हैं जिनपर अभी पुलिस जांच कर रही है. संचिता 22 साल की थीं. इस युवा एक्ट्रेस ने टेलीविजन, OTT प्लेटफॉर्म और फिल्मों में काम किया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना रही थीं. उनकी मौत की खबर फैलते ही कई फैन्स ने स्क्रीन पर उनके काम और सोशल मीडिया पर उनकी एक्टिव प्रेजेंस को याद किया.
पॉपुलर टीवी शो के लिए जानी जाती थीं संचिता
संचिता ने टेलीविजन से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की और कई मशहूर शो में नजर आईं. वह 'कुमकुम भाग्य' और 'वागले की दुनिया - नई पीढ़ी नए किस्से' जैसे पॉपुलर सीरियल में दिखीं. उन्होंने टेलीविजन ड्रामा 'दिलवाली दुल्हनिया ले जाएगी' में सुकून का लीड रोल निभाया. टेलीविजन के अलावा संचिता OTT में भी नजर आईं. वह प्राइम वीडियो की 'क्राइम आज कल' में दिखीं, जिसमें विक्रांत मैसी लीड रोल में थे. वह ZEE5 की 'साइलेंस 2: द नाइट आउल बार शूटआउट' का भी हिस्सा थीं, जिसमें मनोज बाजपेयी अहम किरदार निभा रहे थे. संचिता ने बॉलीवुड में भी काम किया था. उन्होंने विक्की कौशल की ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म 'छावा' में ताराबाई का किरदार निभाया था. वर्कफ्रंट पर हर प्लैटफॉर्म में हाथ आजमाने के साथ-साथ संचिता सोशल मीडिया पर भी खासी एक्टिव थीं.
यह भी पढ़ें: संचिता उगले के पिता का छलका दर्द, बेटी की मौत पर बोले- हम आधे घंटे साथ नहीं थे और नहीं पता था ये कम उठा लेगी
आखिरी रील में इतनी खुश दिख रही संचिता ने कैसे कर ली खुदकुशी?
संचिता के सोशल मीडिया पर नजर दौड़ाएं तो आप किसी भी पोस्ट से अंदाजा नहीं लगा सकते कि उनके मन में क्या चल रहा हो सकता है. यहां तक कि मौत से दो घंटे पहले उन्होंने जो रील शेयर की थी उसमें वो खुशी से चहकती 'डफली वाले डफली बजा' पर डांस करती नजर आ रही हैं. संचिता की आखिरी रील पर जो कमेंट्स आ रहे हैं उनका कहना भी यही है कि इन्हें देखकर ऐसा लगता था कि वह बहुत खुश हैं और अपनी जिंदगी इंजॉय कर रही हैं. एक ने लिखा, जरा देखो इसे ये सुसाइड नहीं कर सकती. ये तो बहुत खुश लग रही है.
सोशल मीडिया पर यही सवाल है कि आखिर रील शेयर करने के बाद फांसी का फंदा लगाने तक ऐसा क्या हुआ होगा जो संचिता इतनी ट्रिगर हो गईं कि उन्होंने इतना बड़ा फैसला लिया. इस बारे में एनडीटीवी ने डॉक्टर कामना छिब्बड़ से बात की. उन्होंने बताया, आत्महत्या किसी भी उम्र, लिंग या जाति के व्यक्ति को प्रभावित कर सकती है. लेकिन, कुछ हालात ऐसे होते हैं जो इस खतरे को और बढ़ा देते हैं. डॉक्टर ने इन कारणों में मानसिक बीमारी को एक बड़ी वजह बताया. मानसिक बीमारी जैसे कि डिप्रेशन, चिंता या बाइपोलर बीमारियां इंसान को बहुत कमजोर बना देती हैं और आत्महत्या का खतरा बढ़ा देती हैं. बता दें कि संचिता के केस में उनके पिता का दावा है कि संचिता किसी स्ट्रेस में थीं और कभी कभी डिप्रेशन में चली जाती थीं. संचिता की मौसी ने भी दावा किया संचिता कई बार अपसेट रहा करती थीं. जिस किसी ने भी उन्हें परेशान किया और ये कदम उठाने पर मजबूर किया उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: सुशांत सिंह राजपूत की तरह कुमकुम भाग्य एक्ट्रेस संचिता की भी 14 जून को मौत, दोनों में क्या कोई संबंध है?
| हेल्पलाइन | |
|---|---|
| वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ | 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्ध - सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक) |
| (अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ के पास जाएं) | |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं