स्टार प्लस के शो ‘सयोनी' से 40 वर्षीय एक्ट्रेस रश्मि देसाई ने टेलीविजन फिक्शन में वापसी की है. 23 सितंबर को शो के प्रीमियर के मौके पर मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने अपने किरदार माया और टेलीविजन से अपने जुड़ाव के बारे में बात की, जिसमें उन्होंनें 14 साल छोटी 26 वर्षीय एक्ट्रेस की मां का किरदार निभाया है. शो का हिस्सा बनने की वजह पूछे जाने पर रश्मि ने मजाकिया अंदाज में कहा, “मेरे ज्योतिषी ने कहा था, ‘ये शो पकड़ लो, तुम्हारी लोकप्रियता तीन गुना बढ़ने वाली है.'”
मां के किरदार में रश्मि देसाई
माया के बारे में रश्मि देसाई ने कहा, “माया बहुत व्यावहारिक महिला है. वह दुनिया को अलग नज़रिए से देखती है और मानती है कि औरतों और मर्दों में कोई फर्क नहीं होना चाहिए. कभी उस पर गुस्सा आएगा, तो कभी लगेगा कि उसकी बात भी सही है. आप माया से प्यार करें या उसे नापसंद करें, लेकिन उसे पर्दे पर देखना जरूर पसंद करेंगे. टेलीविजन मेरी मां है. मैंने तपस्या का किरदार निभाया, शोरवरी का किरदार निभाया और अब माया का किरदार निभा रही हूं. दर्शकों ने मुझे हमेशा बहुत प्यार दिया है. हर नए किरदार से उम्मीदें जुड़ी होती हैं, लेकिन मेरे लिए जमीन से जुड़े रहना सबसे जरूरी है.”
सरगुन मेहता और रवि दुबे का है शो
सरगुन मेहता और रवि दुबे द्वारा निर्मित ‘सयोनी' में जान्हवी सोनी, सानवी और गौतम सिंह विग, आदित्य की भूमिका में हैं. यह शो हर दिन शाम 7:30 बजे स्टार प्लस पर प्रसारित होता है और जियोहॉटस्टार पर भी उपलब्ध है. इसकी कहानी मां का प्यार पाने की चाह रखने वाली सानवी की है, जिसके जीवन में आदित्य एक ऐसे साथी के रूप में आता है, जो उसे अपने मन की बात कहने और अपने फैसले खुद लेने का साहस देता है. लंबे समय बाद धारावाहिकों में वापसी कर रहीं रश्मि देसाई इसमें मजबूत, व्यावहारिक और अपने जज्बातों को छिपाकर रखने वाली माया की भूमिका निभाएंगी.
सानवी के किरदार और रश्मि देसाई के साथ काम करने के अनुभव पर जान्हवी सोनी ने कहा, “सानवी स्नेही और सबका ख्याल रखने वाली लड़की है, लेकिन उसकी अच्छाई को उसकी कमजोरी नहीं समझना चाहिए. वह सही बात के लिए खड़े होने का साहस रखती है और अपने वादे निभाती है, फिर चाहे इसके लिए उसे कोई भी कीमत क्यों न चुकानी पड़े. रश्मि मैम के साथ काम करने से यह सफर मेरे लिए और भी खास बन गया है. वह बेहद स्नेही हैं और साथी कलाकार के रूप में हमेशा सहयोग करती हैं. ‘सयोनी' के माध्यम से मुझे उनमें एक बहुत अच्छी दोस्त भी मिली है.”
आदित्य को सानवी का सच्चा साथी बताते हुए गौतम सिंह विग ने कहा, “क्या आदित्य सानवी का नायक है? नहीं, वह उसका नायक नहीं, बल्कि उसका सयोनी है. नायक आपके लिए आपकी लड़ाई लड़ता है, जबकि सयोनी आपके साथ खड़ा रहता है और आपको अपनी लड़ाई खुद जीतने का हौसला देता है. आदित्य सानवी के फैसलों का सम्मान करता है और उसे अपने सवालों के जवाब खुद तलाशने की पूरी आजादी देता है. उसका प्रेम भरोसे, सुरक्षा और बराबरी पर टिका है. यही बात उसे सानवी का सच्चा साथी बनाती है.”
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं