पति अनपढ़ हलवाई था. लेकिन पत्नी के ख्वाब ऊंचे थे. पति ने भी ठान ली कि मैं पत्नी के सपनों को पूरा करने के लिए कुछ भी करूंगा. उसने किया भी और वो भी अपने परिवार के खिलाफ जाकर. है ना दिलचस्प कहानी. ये कहानी रियल लाइफ नहीं बल्कि रील लाइफ की है. हम बात कर रहे हैं साल 2011 में आए टीवी शो 'दिया और बाती हम' की. इस शो में दीपिका सिंह आईपीएस संध्या राठी के किरदार में थीं और अनस राशिद ने उनके पति सूरज राठी का किरदार निभाया था. दोनों की जोड़ी को खूब पसंद किया गया था और आज भी दीपिका को संध्या बींदणी के नाम से पहचाना जाता है.
पढ़ा-लिखा पार्टनर चाहती थी संध्या देखती थीं IPS बनने के सपने
शो में दिखाया गया कि संध्या पढ़ने में अच्छी थीं और वह आगे की पढ़ाई पूरी कर IPS बनने का सपना देखती थीं. इस बीच उनकी शादी सूरज राठी से तय हो जाती है. संध्या को ये जानकर बहुत ही अफसोस होता है जब पता चलता है कि उसका पति अनपढ़ है और मिठाई की दुकान चलाता है. लेकिन यही अनपढ़ पति उसके सपनों को पंख देता है और अपने मां-बाप के खिलाफ जाकर संध्या को आगे की पढ़ाई पूरी करने में मदद करता है. सूरज की यही अच्छाई संध्या का दिल जीत लेती है और धीरे-धीरे दोनों के बीच की केमिस्ट्री जमने लगती है. पति सूरज के सपोर्ट से वह अपने सपने साकार करती है. यह शो मनोरंजन के लिहाज से तो मजेदार था ही तब ही तो यह पांच साल तक चला लेकिन इंस्पिरेशन के तौर पर एक अच्छा उदाहरण था. खासतौर पर ऐसे परिवारों के लिए जहां लड़कियों, बहुओं और बेटियों को सही मौकों से वंचित रखा जाता है पढ़ाई से दूर केवल चूल्हे-चौके में झोंक दिया जाता है.
स्टार प्लस पर बेहद हिट था 'दिया और बाती हम'
29 अगस्त 2011 को शुरू हुआ ये शो स्टार प्लस पर पांच साल चला था. इसका आखिरी एपिसोड 10 सितंबर 2016 को टेलीकास्ट हुआ था. इसका पहला सीजन इतन पसंद किया गया कि 2017 में इसका सीक्वल 'तू सूरज में सांझ पियाजी' शुरू किया गया. लेकिन ये उतना सक्सेसफुल नहीं रहा. 3 अप्रैल 2017 को शुरू हुआ ये शो 1 जून 2018 को खत्म हो गया. बात करें दिया और बाती हम की तो यह शो दीपिका सिंह और अनस राशिद के करियर के बेट्स शो में से एक माना जाता है. ये शो लगभग पांच साल तक चला और इसके 1491 एपिसोड आए. हर एपिसोड में नई कहानी होती थी और एक नया मोड़ भी.
यह भी पढ़ें: आमिर खान से शादी के बाद इस घर में रहेंगी गौरी स्प्रैट, जानें आलीशान घर के बारे में सबकुछ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं