बिग बॉस के कंटेस्टेंट और मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल उर्फ यूके 07 राइटर इन दिनों अपने एक इमोशनल वीडियो को लेकर काफी चर्चा में हैं. हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर बताया था कि पिछले एक साल से वो मानसिक रूप से काफी परेशान हैं. उन्होंने लिखा कि उनकी जिंदगी में बहुत कुछ बदल गया है और हालात ऐसे हो गए हैं कि उनका पैसा, परिवार और सुकून सब उनसे दूर हो गया है. इतना ही नहीं, उन्होंने ये भी कहा कि कुछ लोग उनके खिलाफ साजिश कर रहे हैं और उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. इस पोस्ट के बाद उनके फैंस काफी चिंतित हो गए और लगातार उनके बारे में अपडेट जानने की कोशिश कर रहे हैं.
वायरल हुआ अनुराग डोभाल का आखिरी व्लॉग
इसी बीच यूट्यूब पर अनुराग डोभाल का एक व्लॉग तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे उनका आखिरी बताया जा रहा है. इस वीडियो में अनुराग काफी इमोशनल नजर आते हैं और अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में खुलकर बात करते हैं. उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी पसंद से शादी की थी, लेकिन उनके इस फैसले से परिवार खुश नहीं था. अलग जाति में शादी करने की वजह से घर में काफी विवाद हुआ और हालात इतने बिगड़ गए कि उन्हें अपने परिवार से दूरी बनानी पड़ी.
ये भी पढे़ं- बिग बॉस 17 के अनुराग डोभाल की कितनी है नेटवर्थ, हत्या की साजिश का किया दावा, रोते हुए आखिरी व्लॉग किया शेयर
शादी को लेकर कही दिल की बात
वीडियो में अनुराग ने साफ कहा कि उन्होंने हमेशा अपने माता पिता का सम्मान किया है और आगे भी करते रहेंगे. उनका इरादा कभी किसी का दिल दुखाने का नहीं था. लेकिन उन्होंने अपनी जिंदगी के फैसले खुद लेने की हिम्मत दिखाई. उनके मुताबिक शादी दो लोगों का फैसला होता है और इसमें प्यार और समझदारी सबसे ज्यादा मायने रखती है.
फैंस को दिया भरोसा
अपने इस व्लॉग में अनुराग ने ये भी बताया कि वो अपने काम पर ध्यान दे रहे हैं और आगे भी वीडियो बनाते रहेंगे. हालांकि ये व्लॉग उनके लिए खास था क्योंकि इसमें उन्होंने अपनी जिंदगी के कई निजी पहलुओं के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने उम्मीद जताई कि समय के साथ सब ठीक हो जाएगा और परिवार के साथ रिश्ते फिर से मजबूत होंगे.
बता दें कि अनुराग डोभाल ने पिछले साल अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड रितिका से शादी की थी और सोशल मीडिया पर सगाई से लेकर शादी तक की कई तस्वीरें भी शेयर की थीं. फिलहाल उनके कई दिनों से नया ब्लॉग या पोस्ट न आने के कारण फैंस उनके पुराने वीडियो पर कम बैक के कमेंट कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- महाभारत के कर्ण के बेटे की 5 फोटो, शाहरुख खान के ऊपर पड़े भारी, बना टीवी का रावण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं