Sikar News: राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर कस्बे से मंगलवार को एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. यहां वार्ड नंबर 4 में अपने घर के बाहर खेल रहे 5 वर्षीय मासूम शिवम कुमार सैनी पर एक आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया. कुत्ता बच्चे को इस कदर नोच रहा था कि शिवम की चीखें सुनकर दौड़े मोहल्लेवासियों को उसे छुड़ाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी. कुत्ते ने शिवम के होंठ, गाल, कान और पैरों पर गहरे घाव कर दिए हैं.
चेहरे पर 15 और कान पर 5 टांके
लहुलुहान हालत में बच्चे को तुरंत फतेहपुर के धानुका अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल के डॉक्टरों ने करीब आधे घंटे तक चले इलाज के बाद मासूम के शरीर पर कुल 20 टांके लगाए हैं. कुत्ते के हमले से शिवम का निचला होंठ और गाल बुरी तरह फट गया था, जहां 15 टांके आए हैं, जबकि कान पर 5 टांके लगाए गए हैं. फिलहाल बच्चे का इलाज जारी है, लेकिन वह गहरे सदमे में है.
नगर परिषद के खिलाफ फूटा आक्रोश
इस घटना के बाद पीड़ित परिजनों और वार्डवासियों में स्थानीय प्रशासन व नगर परिषद के खिलाफ भारी नाराजगी है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों का जमावड़ा लगा रहता है और वे आए दिन राहगीरों व बच्चों को निशाना बना रहे हैं. बार-बार शिकायत के बावजूद नगर परिषद की ओर से आवारा कुत्तों को पकड़ने या उनकी नसबंदी के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिसके कारण आज एक मासूम की जान पर बन आई.
'हर गली-मोहल्ले में स्ट्रीट डॉग का आतंक है'
स्ट्रीट डॉग के काटने से घायल हुए बच्चे शिवम के पिता सुरेश कुमार सैनी के अनुसार, 'शिवम घर के बाहर खेल रहा था. इसी दौरान अचानक से आए स्ट्रीट डॉग ने शिवम पर हमला कर दिया. स्ट्रीट डॉग के हमले से बच्चा नीचे गिर गया और स्ट्रीट डॉग ने शिवम के होंठ व होंठ के नीचे, कान और पैर व अन्य जगह काटा है, जिसके करीबी 20 टांके के आए हैं. फतेहपुर में इससे पहले भी स्ट्रीट डॉग के काटने का मामला सामने आया था. लेकिन स्थानीय नगर पालिका ने थोड़े दिन तो स्ट्रीट डॉग को पकड़ने का अभियान चलाया फिर अभियान वापस ठंडा बस्ते में पड़ गया. आज स्थित यह है कि फतेहपुर कस्बे में हर गली-मोहल्ले में स्ट्रीट डॉग का आतंक देखने को मिलता है.'
ये भी पढ़ें:- राजपाल यादव के सपोर्ट में उतरे सलमान खान, कहा- डॉलर का कुछ भी हो, आपके काम की वैल्यू है














