दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने अरविंद केजरीवाल को भेजा मानहानि का नोटिस

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष सतीश उपाध्याय

नई दिल्ली:

दिल्ली में चुनावों के ऐलान के साथ ही बीजेपी और आप पार्टी में चुनावी घमासान जारी है। जहां बुधवार को एक तरफ आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष सतीश उपाध्याय पर बिजली कंपनियों से सांठ-गांठ का आरोप लगाया, वहीं, अपनी कल की ही बात को आगे बढ़ाते हुए सतीश उपाध्याय ने केजरीवाल को मानहानि का कानूनी नोटिस भेज दिया है।

उधर,  अरविंद केजरीवाल ने सुबह ट्वीट कर दावा किया था कि वह  आज सबूत पेश करेंगे, लेकिन शाम होते होते उनकी ओर से ऐसा नहीं किया गया। जबकि  पार्टी की ओर कुछ कागजात मीडिया के सामने पेश कर यह बताया गया कि बीएसईएस की वेबसाइट पर स्वीकृत ठेकेदारों की सूची में एमसीएनएल इंफो मीडिया नाम की कंपनी है। आप का कहना है कि इस कंपनी का मालिकाना हक बीजेपी नेता सतीश उपाध्याय और उनके भाई उमेश उपाध्याय के पास है।

वहीं, दिल्ली में बीजेपी प्रवक्ता प्रभात झा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल आज सबूत पेश करने वाले थे, लेकिन वह वहां से भी भाग गए। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को  सार्वजनिक जीवन में काम कर रहे लोगों पर इस प्रकार से आरोप नहीं लगाना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि सतीश उपाध्याय ने चेतावनी भरे अंदाज़ में कल ही कहा था कि अगर उन पर आरोप साबित नहीं होते हैं तो वह मानहानि का केस दर्ज कराएंगे।

उपाध्याय ने बुधवार को मीडिया के सामने दावा किया था कि आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान दावेदार अरविंद केजरीवाल द्वारा लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं।
बता दें कि बुधवार को केजरीवाल ने दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष सतीश उपाध्याय पर आरोप लगाया था कि उनकी बिजली कंपनियों के साथ सांठ-गांठ है। सतीश उपाध्याय ने पलटवार करते हुए उन्हें झूठ बोलने वाला करार दिया था।

 

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com