Twisha Sharma Update News: ट्विशा शर्मा की मौत मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह को भोपाल पुलिस आज कोर्ट में पेश करेगी, जहां सात दिन की रिमांड मांगेगी. दूसरी ओर पुलिस ने समर्थ की मां पूर्व जज गिरिबाला सिंह को हाईकोर्ट का नोटिस सौंप दिया है, जिसमें उन्हें 25 मई को पेश होने के लिए कहा है. इसके साथ ही पुलिस की एक टीम गिरिबाला सिंह के घर की छत पर भी पहुंची है, जहां बहू ट्विशा शर्मा का शव फांसी पर लटका मिला था.
जबलपुर में समर्थ ने किया था सरेंडर
पत्नी ट्विशा की मौत के बाद से फरार समर्थ सिंह शुक्रवार को जबलपुर हाईकोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था. वह 10 दिन से फरार चल रहा था और पुलिस ने उस पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था. उसने कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन बाद में उसने वापस ले ली. फिर सरेंडर करने पहुंच गया. वहां जबलपुर पुलिस ने हिरासत में ले लिया और भोपाल पुलिस को सौंप दिया. फिर भोपाल पुलिस उसे रात के 2 बजे कटारा हिल्स थाने ले आई. अब शनिवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा.
Twisha Sharma and Giribala Singh: गिरिबाला सिंह, ट्विशा शर्मा
भोपाल पुलिस (Bhopal Police) कोर्ट में समर्थ की सात दिन की रिमांड की मांग करेगी, ताकि उससे कई सवालों के जवाब पता किए जा सकें. उधर, कटारा हिल्स थाने पास समर्थ के वकील ने कहा कि समर्थ फरार नहीं था. समर्थ की याचिका सेशन कोर्ट से खारिज हुई तो हम हाईकोर्ट गए थे. इसी बीच वो कोर्ट में हाजिर हो गया.
मामलें में SIT हेड ACP रजनीश कश्यप भी कटारा हिल्स थाने पहुंच गए. उन्होंने बताया कि पुलिस कोर्ट से समर्थ की सात दिन की रिमांड मांगेगी. पेपर वर्क के बाद आज ही समर्थ को कोर्ट में पेश किया जाएगा. इसके अलावा गिरिबाला सिंह को हाईकोर्ट का नोटिस भी पुलिस ने तामील करा दिया है.
वकीलों की टीम गिरिबाला के घर पहुंची
सुबह लगभग 10 बजे गिरिबाला के घर वकीलों की एक टीम पहुंची, जहां उनके साथ चर्चा की गई. बता दें कि गिरिबाला सिंह का जो वकील केस लड़ रहा था, उसने केस छोड़ दिया है, जिसके बाद कहा जा रहा था कि गिरिबाला सिंह खुद अपना केस लड़ेंगी, लेकिन एनडीटीवी से परिवार ने साफ इनकार कर दिया कि ऐसी कोई प्लान नहीं है.
25 मई को अपना पक्ष रखें गिरिबाला सिंह- हाईकोर्ट
वहीं, सुबह लगभग साढ़े 10 बजे पुलिस की एक टीम गिरिबाला सिंह के घर पहुंची, जहां उन्हें हाईकोर्ट (High Court) का नोटिस तामील किया गया. गिरिबाला सिंह पर पुलिस ने शनिवार को हाईकोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान आरोप लगाया था कि वह मामले में सहयोग नहीं कर रही हैं. साथ ही ट्विशा के परिजनों ने भी उनकी अग्रिम जमानत याचिका रद्द करने की मांग की थी. अब इस मामले में हाईकोर्ट ने गिरिबाला सिंह को नोटिस जारी किया था और उन्हें 25 मई को हाईकोर्ट में अपना पक्ष रखने के लिए कहा. वही नोटिस भोपाल पुलिस ने गिरिबाला सिंह को सौंपा है.
समर्थ के साथ ट्विशा (Twisha Sharma With Husband Samarth Singh)
पुलिस की एक टीम घटनास्थल की जांच कर रही
ट्वीशा के ससुराल में घर की छत की तस्वीर भी सामने आई है, जहां उसका शव लटका मिला था. पुलिस फांसी वाली जगह को नाप रही है. बता दें कि तस्वीर में उस जगह पर ही जिम्नास्टिक हुक से बेल्ट में ट्विशा का शव लटका मिला था.
रविवार को भोपाल आ सकती है दिल्ली एम्स की टीम
ट्विशा शर्मा का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की मंजूरी हाईकोर्ट ने शुक्रवार को दे दी. इसके लिए दिल्ली एम्स (Delhi AIIMS) की टीम रविवार को भोपाल आ सकती है. ट्वीशा की मौत को शनिवार को 12 दिन हो चुके हैं. अभी उसका शव भोपाल एम्स (Bhopal AIIMS) की मर्चुरी में रखा गया है. इन 12 दिनों में ट्वीशा का शव को न्यूनतम तापमान की जरूरत के चलते दो बार शिफ्ट किया गया.
शादी के पांच महीने बाद हुई ट्विशा की मौत
गौरतलब है कि मॉडल ट्विशा शर्मा की मुलाकात अपने पति समर्थ सिंह से एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. समर्थ पेशे से क्रिमिनल लॉयर है. दिसंबर 2025 में दोनों की धूमधाम से शादी हुई थी, लेकिन शादी के महज 5 महीने बाद ही 12 मई 2026 को ट्विशा की संदिग्ध मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि ट्विशा की सास और पति ने मिलकर उसकी हत्या की है. वह दोबारा शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग कर रहे थे. इस वजह से उन्होंने एम्स से शव भी नहीं लिया. वहीं, एमपी सरकार ने भी उनकी लगातार मांग के बाद केंद्र को सीबीआई जांच के लिए प्रस्ताव भेजा है.
ये भी पढ़ें- ट्विशा शर्मा की मौत के मामले की जांच करेगी CBI! एमपी सरकार ने केंद्र को भेजा प्रस्ताव














