Singrauli Bank Robbery Update: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में 15 करोड़ रुपये की सनसनीखेज बैंक डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. इस हाई-प्रोफाइल वारदात में शामिल एक बदमाश को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपी अब भी फरार हैं. पुलिस ने शेष बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है. दिनदहाड़े बैंक में हुई इस डकैती ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया था और अब पुलिस लगातार दबिश देकर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
बिहार से पकड़ा गया एक आरोपी
सिंगरौली पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि डकैती में शामिल एक बदमाश को बिहार से गिरफ्तार किया गया है. इस कार्रवाई को पुलिस की एक विशेष टीम ने अंजाम दिया. एसपी के मुताबिक, कुल 10 टीमें बनाई गई हैं, जो अलग-अलग राज्यों में आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं. पुलिस को सूचना मिली है कि एक अन्य आरोपी झारखंड में छिपा हुआ है, जिसे भी जल्द दबोच लिया जाएगा.
बाकी आरोपियों पर 50 हजार का इनाम
पुलिस ने फरार चल रहे बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान लगभग हो चुकी है और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. लगातार छापेमारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है.
दिनदहाड़े हुई थी बड़ी डकैती
यह सनसनीखेज वारदात शुक्रवार दोपहर करीब 12:50 बजे की है. बैढ़न इलाके में स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में पांच नकाबपोश और हथियारबंद बदमाश घुस आए. बैंक में उस समय सामान्य लेन-देन चल रहा था. अचानक हुई इस घटना से बैंक के कर्मचारी और ग्राहक कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाशों ने पूरे बैंक को अपने कब्जे में ले लिया.
जब बैंक मैनेजर ने लुटेरों का विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ जमकर मारपीट की. आरोप है कि मैनेजर के सिर पर बंदूक की बट से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने बैंक के अंदर और बाहर हवाई फायरिंग भी की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
नकदी और सोने पर किया हाथ साफ
बदमाश करीब 15 से 20 मिनट तक बैंक में रहे और इस दौरान उन्होंने लगभग 20 लाख रुपये नकद और करीब 10 किलो सोने के आभूषण लूट लिए. पुलिस के मुताबिक, इसमें बैंक में रखा पुराना कैश और उस दिन का नया कलेक्शन दोनों शामिल थे. लूट के बाद सभी बदमाश दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बयां किया खौफ
घटना के चश्मदीद आशीष पांडे ने बताया कि बदमाशों ने सभी लोगों को बंदूक के दम पर एक कोने में खड़ा कर दिया था. करीब 15 मिनट तक बैंक के अंदर दहशत का माहौल बना रहा. जांच में सामने आया है कि एक बदमाश हेलमेट पहने हुए था, जबकि चार के चेहरे खुले थे, जिससे उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए और बैंक व आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. जिले की सीमाएं सील कर दी गई हैं और शहर के रास्तों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है.
यह भी पढ़ें : एमपी में 15 मिनट में 15 करोड़ की डकैती! हथियार लेकर बैंक में घुसे 5 बदमाश, मैनेजर को पीटा, फायरिंग भी की
यह भी पढ़ें : सिंगरौली बैंक डकैती के बाद पुलिस का हाई अलर्ट; DGP मौके पर पहुंचे, 5 बदमाश करोड़ों का सोना और कैश लेकर फरार














