Ladli Behna Yojana 36th Installment: मध्यप्रदेश की बहुचर्चित लाड़ली बहना योजना (Ladli Behna Yojana 36vi Kist) की 36वीं किस्त की तारीख सामने आ गई है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) 13 मई को नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मुंगवानी से सिंगल क्लिक के माध्यम से लाड़ली बहनों के खातों में योजना की राशि अंतरित करेंगे. इस संबंध में गोटेगांव विधायक महेंद्र नागेश ने जानकारी दी है. कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पार्टी संगठन पूरी तरह सक्रिय हो गया है.
विधायक और प्रशासन ने लिया कार्यक्रम स्थल का जायजा
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए शनिवार को गोटेगांव विधायक महेंद्र नागेश, कलेक्टर रजनी सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने मुंगवानी में सभा स्थल, हेलिपैड निर्माण, यातायात व्यवस्था और वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्थानों का भौतिक सत्यापन किया. प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा‑निर्देश दिए गए हैं.
1.25 करोड़ बहनों को हर माह ₹1500 की सहायता
लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है. योजना की शुरुआत से अब तक 54 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि बहनों के खातों में पहुंचाई जा चुकी है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में कहा था कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और लाड़ली बहना योजना उसी दिशा में एक मजबूत कदम है.
गैस रिफिल योजना से भी मिल रहा लाभ
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना एवं गैर‑उज्ज्वला योजना की पात्र लाड़ली बहनों को 450 रुपये में गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा भी दी जा रही है. गैस रीफिल सब्सिडी के रूप में अब तक 11,080 करोड़ 89 लाख रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है.
आष्टा से हुआ था 35वीं किस्त का अंतरण
इससे पहले सीहोर जिले के आष्टा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना की 35वीं किस्त जारी की थी. उस अवसर पर 1.25 करोड़ से अधिक बहनों के खातों में 1,836 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की गई थी. मुख्यमंत्री ने कहा था कि प्रदेश में हर माह रक्षाबंधन जैसा माहौल है और मातृशक्ति के सम्मान के लिए सरकार लगातार काम कर रही है.
महिला सशक्तिकरण पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश महिला सशक्तिकरण के लिए नवाचारी योजनाओं को लागू करने वाला अग्रणी राज्य है. महिला सशक्तिकरण के लिए जेंडर बजट की शुरुआत सबसे पहले मध्यप्रदेश में की गई थी और वर्तमान में इसका आकार बढ़कर 32,730 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है.
किस्त का स्टेटस कैसे करें चेक?
लाड़ली बहन योजना की किस्त का स्टेटस चेक करने के लिए महिलाएं
- आधिकारिक वेबसाइट cmladlibahna.mp.gov.in पर जाएं
- “आवेदन व भुगतान की स्थिति” विकल्प पर क्लिक करें
- समग्र आईडी या रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें
- ओटीपी भरते ही भुगतान की पूरी जानकारी स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएगी
योजना की पात्रता
लाड़ली बहना योजना का लाभ वही महिलाएं ले सकती हैं जो मध्यप्रदेश की स्थानीय निवासी हों, जिनके परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से कम हो, परिवार में कोई सरकारी कर्मचारी न हो और 5 एकड़ से अधिक भूमि या चारपहिया वाहन न हो. विवाहित, विधवा और तलाकशुदा महिलाएं योजना की पात्र हैं, जिनकी आयु आवेदन के समय 21 से 60 वर्ष के बीच हो.
यह भी पढ़ें : Ladli Behna Yojana: अप्रैल में भी मिलेंगे 1500 रुपये, जानिए कब आएगी लाड़ली बहना योजना की 35वीं किस्त?
यह भी पढ़ें : Ladli Behna Yojana: लाडली बहनों को ₹3000 हर महीने! CM मोहन ने लाडली बहना योजना को लेकर किया बड़ा ऐलान
यह भी पढ़ें : शुभेंदु अधिकारी बने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री, CM मोहन यादव ने दी बधाई; कहा- एक नई विकास यात्रा...
यह भी पढ़ें : 3 साल 11 माह की जानवी सोनी का कमाल, शिव तांडव स्तोत्र से तीन इंटरनेशनल रिकॉर्ड किए अपने नाम














