Adani Cement Guna Plant Inauguration: मध्यप्रदेश के गुना जिले के लिए 10 मई का दिन औद्योगिक विकास की दृष्टि से बेहद अहम साबित होने जा रहा है. अदाणी समूह के बड़े निवेश से गुना अब उद्योग और रोजगार के नए केंद्र के रूप में उभरने की ओर बढ़ रहा है. ग्वालियर‑चंबल अंचल के पहले सीमेंट प्लांट की आधारशिला गुना में रखी जाएगी, जिसका शिलान्यास मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे. यह परियोजना न केवल क्षेत्र की औद्योगिक तस्वीर बदलने वाली है, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और विकास के नए अवसरों के द्वार भी खोलेगी.
10 मई को होगा सीमेंट प्लांट का शिलान्यास
अदाणी सीमेंट एवं अंबुजा सीमेंट के अंतर्गत स्थापित होने वाले गुना सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट (2×2 MTPA) का शिलान्यास एवं लोकार्पण समारोह 10 मई 2026 को दोपहर 3.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक दशहरा मैदान, गुना में आयोजित किया जाएगा. इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और अदाणी समूह के प्रणव अदाणी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे.
1059 करोड़ का निवेश, ग्वालियर‑चंबल को पहला सीमेंट प्लांट
इस सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट में लगभग 1059 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है. यह ग्वालियर‑चंबल अंचल का पहला सीमेंट प्लांट होगा, जिससे इस क्षेत्र को औद्योगिक पहचान मिलने की उम्मीद है. परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित होंगे.
3500 करोड़ निवेश का संकल्प, गुना को नई पहचान
उल्लेखनीय है कि अदाणी समूह ने गुना क्षेत्र में कुल लगभग 3500 करोड़ रुपये के निवेश का संकल्प लिया है. इसके अंतर्गत करीब 1100 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक तकनीक से लैस सीमेंट प्लांट की स्थापना की जा रही है. यह निवेश केवल उद्योग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि परिवहन, व्यापार, आवास और सेवाओं जैसे अन्य क्षेत्रों को भी गति देगा.
रोजगार और बुनियादी ढांचे को मिलेगा बढ़ावा
सीमेंट प्लांट की स्थापना से स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के अवसर मिलेंगे. इसके साथ ही क्षेत्र में सड़क, बिजली, परिवहन और अन्य आधारभूत संरचनाओं का भी तेज विकास होगा. इससे गुना जिले की आर्थिक गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है.
हितग्राहियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभ वितरण भी किया जाएगा.
औद्योगिक नक्शे पर उभरेगा गुना
विशेषज्ञों का मानना है कि अदाणी समूह का यह निवेश गुना को प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों की कतार में खड़ा कर सकता है. आने वाले वर्षों में इसका असर पूरे ग्वालियर‑चंबल अंचल के विकास पर दिखाई देगा.
यह भी पढ़ें : अदाणी फाउंडेशन की बड़ी पहल; शिवपुरी में शुरू हुआ अदाणी विकास केंद्र, महिलाओं को बनाया जाएगा आत्मनिर्भर
यह भी पढ़ें : PhonePe पर रिश्वत और शिक्षकों को प्रताड़ना के आरोप; PM Shri एमएलबी स्कूल के प्राचार्य निलंबित
यह भी पढ़ें : ‘300 करोड़ मिलें तो चली जाऊंगी...', बीना विधायक निर्मला सप्रे के बयान पर मचा घमासान; दल-बदल की राजनीति तेज
यह भी पढ़ें : ग्रेटर नोएडा प्रॉपर्टी विवाद; पिता ने 13 वर्षीय इकलौते बेटे की हत्या की, खुद के गले में भी मारी ब्लेड














