Tips To Fix Fan Making Noise: गर्मी में पंखे की हवा बेहद राहत देने वाली होती है, लेकिन कई बार पंखे से आने वाली आवाज काफी परेशान व इरिटेट करने वाली लगती है. कई घरों में देखा जाता है कि पंखा चलते समय ‘चर-चर' या घिसने जैसी आवाज करने लगता है. इस आवाज से परेशान होकर या तो लोग इलेक्ट्रिशन को बुलाते हैं या कई बार तो पंखा बदलने का ही फैसला कर लेते हैं. लेकिन हकीकत यह है कि ज्यादातर मामलों में यह समस्या बहुत मामूली होती है और बेहद कम खर्च में ठीक हो सकती है. आइए जानते हैं कैसे आप घर पर ही पंखे से आने वाली इस आवाज को ठीक कर सकते हैं.
दो बूंद आइल और चर-चर की आवाज गायब-
पंखे से आने वाली आवाज का सबसे आम कारण बेयरिंग का ड्राय हो जाना या अंदरूनी हिस्सों में घर्षण बढ़ना होता है. इस समस्या को ठीक करने का सबसे आसान तरीका है बेयरिंग में लुब्रिकेशन करना. इसके लिए आपको सिर्फ 20 रुपये के आसपास मिलने वाला मशीन ऑयल लेना होगा. सबसे पहले सुरक्षा के लिए पंखे का मेन स्विच बंद करें. इसके बाद पंखे के ऊपर मौजूद कवर को नीचे खिसकाकर मोटर के हिस्से तक पहुंचें. जहां बेयरिंग होती है, वहां 2-3 बूंद मशीन ऑयल डालें. इससे अंदर का घर्षण कम होगा और पंखा स्मूद तरीके से घूमने लगेगा. कई मामलों में सिर्फ इस एक स्टेप से ही आवाज काफी हद तक कम हो जाती है. ये भी ध्यान रखें की मशीन ऑयल ज्यादा नहीं डालना है. अगर बहुत ज्यादा तेल डाल दिया जाए, तो वह नीचे टपक सकता है या मोटर की वाइंडिंग (Winding) तक पहुंचकर उसे खराब कर सकता है.

सावधानी है जरूरी-
हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि हर पंखे का डिजाइन अलग होता है. कुछ मॉडल्स में बेयरिंग तक सीधे पहुंचना आसान नहीं होता. ऐसे में जबरदस्ती खोलने से बचें, वरना नुकसान हो सकता है. साथ ही WD-40 जैसे स्प्रे तुरंत राहत तो देते हैं, लेकिन ये उपाय लंबे समय तक ल्युब्रिकेशन नहीं देता, इसलिए मशीन ऑयल ज्यादा बेहतर विकल्प होता है.
वाइब्रेशन के कारण भी आती है आवाज-
अगर लुब्रिकेशन के बाद भी आवाज बनी रहती है, तो इसका मतलब हो सकता है कि बेयरिंग ज्यादा घिस चुकी है या कोई पार्ट ढीला हो गया है. ऐसे में पंखे के स्क्रू और ब्लेड्स की टाइटनेस भी एक बार जरूर चेक कर लें. कई बार ढीले पेंच भी वाइब्रेशन और आवाज की वजह बन जाते हैं. अगर ऐसा है तो महज पेंच कसने से इस आवाज को दूर किया जा सकता है.
कुल मिलाकर, पंखे से आने वाली आवाज को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और न ही हर बार बड़ा खर्च करने की जरूरत होती है. सही कारण पहचानकर सिर्फ 20 रुपये के छोटे से उपाय से इस परेशानी को आसानी से दूर किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- 120 दिनों तक अनुशासित दिनचर्या अपनाने से बदल गया मेरा जीवन, 40 साल के सिद्धार्थ का अनुभव
Gurudev Sri Sri Ravi Shankar on NDTV: Stress, Anxiety, से लेकर Relationship, Spirituality तक हर बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं