क्या आपकी भी हालत लंबी फ्लाइट, ट्रेन या कार यात्रा के बाद ऐसी हो जाती है कि शरीर जैसे जवाब देने लगता है? कमर भारी लगती है, गर्दन अकड़ जाती है, पैरों में सुन्नपन आने लगता है और सीट से उठने का मन नहीं करता. ज्यादातर लोग इसे सफर की थकान मानकर नजरअंदाज कर देते हैं. दरअसल, लंबे समय तक एक ही जगह बैठे रहने से शरीर के कई हिस्सों पर दबाव बढ़ जाता है.
दिलचस्प बात यह है कि इस परेशानी से राहत पाने के लिए आपको किसी महंगे गैजेट या खास उपकरण की जरूरत नहीं है. एक साधारण टेनिस बॉल भी सफर के दौरान आपके काफी काम आ सकती है. आइए जानते हैं कैसे-
कमर और कूल्हों की जकड़न कम करने में मददगार
लंबे समय तक बैठे रहने का सबसे ज्यादा असर कमर और कूल्हों पर पड़ता है. कई लोगों को यात्रा खत्म होने के बाद भी दर्द और जकड़न महसूस होती रहती है. ऐसी स्थिति में सीट पर बैठे-बैठे टेनिस बॉल को एक कूल्हे के नीचे रखकर करीब एक मिनट तक हल्के-हल्के शरीर को हिलाया जा सकता है.
इसके बाद दूसरी तरफ भी यही तरीका अपनाया जा सकता है. इससे उस हिस्से की मांसपेशियों पर हल्का दबाव पड़ता है और लंबे समय तक बैठे रहने से बनी अकड़न कम करने में मदद मिल सकती है.
गर्दन और कंधों की थकान से मिल सकती है राहत
लंबी यात्रा के दौरान गर्दन और कंधों में खिंचाव महसूस होना आम बात है. इसके लिए सीट पर थोड़ा पीछे टिककर टेनिस बॉल को पीठ के ऊपरी हिस्से और सीट के बीच रखा जा सकता है. इसके बाद शरीर को धीरे-धीरे ऊपर-नीचे या दाएं-बाएं हिलाने से तनाव वाली मांसपेशियों को आराम मिल सकता है.
पैरों में सुन्नपन और भारीपन हो सकता है कम
घंटों बैठे रहने से पैरों में भारीपन या सुन्नपन महसूस हो सकता है. ऐसे में टेनिस बॉल को पैर के तलवे के नीचे रखकर आगे-पीछे या गोल-गोल घुमाया जा सकता है. इससे पैरों में जकड़न कम करने और आराम महसूस करने में मदद मिल सकती है.
इन तरीकों को अपनाने से यात्रा के बाद होने वाली थकान भी कम हो सकती है. लेकिन ये तरीका अपनाने के दौरान कुछ सावधानियां बरतना भी जरूरी है.
- टेनिस बॉल का इस्तेमाल हमेशा हल्के दबाव के साथ करें.
- अगर किसी जगह पहले से चोट, सूजन या तेज दर्द है तो वहां इसका इस्तेमाल न करें.
- अगर दर्द बढ़ने लगे तो तुरंत रोक दें.
- हर थोड़ी देर में अपनी बैठने की स्थिति बदलें
- मौका मिले तो थोड़ी देर टहल भी लें.
किन लोगों के लिए ज्यादा काम की हो सकती है यह ट्रिक?
जो लोग अक्सर फ्लाइट से सफर करते हैं, रातभर ट्रेन में यात्रा करते हैं या कई घंटों तक कार में बैठे रहते हैं, उनके लिए यह छोटी-सी चीज काफी काम की साबित हो सकती है. बैग में ज्यादा जगह भी नहीं घेरती और जरूरत पड़ने पर तुरंत इस्तेमाल की जा सकती है. तो अगली बार जब आप लंबी यात्रा पर निकलें, तो कपड़ों और जरूरी सामान के साथ एक टेनिस बॉल भी बैग में डालकर देखिए. हो सकता है सफर खत्म होने के बाद आपका शरीर आपको धन्यवाद दे.
ये भी पढ़ें: हाई यूरिक एसिड से बढ़ गया शरीर का दर्द तो करें ये 4 काम, खून का हर कतरा हो जाएगा साफ, जड़ से मिटेगा यूरिक एसिड
ये भी पढ़ें: बॉडी पेन दूर करने के साथ ही रीढ़ की हड्डी को मजबूत बनाएगा भुजंगासन, जानें करने का सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं