Ramadan 2026: रमजान का पाक महीना चल रहा है. यह महीने इस्लाम में खास अहमियत रखता है. इस पाक महीने में मुस्लिम भाई रोजा रखते हैं. यह पूरे दिन का उपवास होता है, जिसमें एक बूंद पानी तक नहीं पिया जाता. शाम में रोज रोजा खोलने के समय पर रोजा खोला जाता है. रोजा खोलते समय रोजा खोलने की दुआ (roza kholne ki dua) पढ़ी जाती है. रोजा खोलते समय खजूर खाना सिर्फ एक परंपरा नहीं, बल्कि एक समझदारी भरा तरीका भी है. इस्लाम में पैगंबर मुहम्मद साहब ने खजूर से इफ्तार करने की सलाह दी थी, इसलिए यह सुन्नत भी मानी जाती है. लेकिन इसके पीछे सेहत से जुड़ा कारण भी है.
Khajur in Ramadan: खजूर खाकर ही क्यों खोला जाता है रोज़ा?
पूरे दिन भूखे-प्यासे रहने के बाद शरीर को तुरंत हल्की और नेचुरल एनर्जी की जरूरत होती है. खजूर में नेचुरल शुगर, फाइबर और जरूरी मिनरल्स होते हैं जो शरीर को जल्दी ताकत देते हैं और पेट पर भारी भी नहीं पड़ते. यह ब्लड शुगर को धीरे-धीरे बढ़ाता है, जिससे कमजोरी कम होती है.
इसी वजह से रमजान में इफ्तार की शुरुआत अक्सर खजूर और पानी से की जाती है. आइए जानते हैं आपकी सेहत के लिए कौन सी खजूर फायदेमंद होती है.

खजूर की किस्में (Types Of Dates And Health Benefits)
खजूर की कई पॉपुलर किस्में हैं जो स्वाद, टेक्सचर और सेहत के फायदे के हिसाब से अलग-अलग होती हैं.
- मेडजूल खजूर- मेडजूल खजूर को “खजूरों का राजा” कहा जाता है. ये बड़े, मुलायम और कैरेमल जैसे मीठे स्वाद वाले होते हैं. इनमें फाइबर, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर होते हैं, इसलिए इन्हें स्नैक या स्मूदी में खूब इस्तेमाल किया जाता है.
- डेगलेट नूर खजूर- डेगलेट नूर खजूर हल्के मीठे और थोड़े सख्त होते हैं. ये बेकिंग, कुकीज़ और सलाद में अच्छे लगते हैं.
- बरही खजूर- बरही खजूर बहुत मीठे होते हैं. कच्चे में हल्के कुरकुरे और पकने पर सॉफ्ट हो जाते हैं.
- ज़ाहिदी खजूर- ज़ाहिदी खजूर का टेक्सचर थोड़ा कड़ा होता है और ये लंबे समय तक स्टोर किए जा सकते हैं.
- अजवा खजूर- अजवा खजूर डार्क कलर के और सॉ़फ्ट होते हैं. इन्हें खास तौर पर मदीना से जोड़ा जाता है और सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है.

खजूर खाने के फायदे (Health Benefits Of Dates)
डाइजेशन के लिए फायदेमंद- खजूर सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं. इनमें भरपूर फाइबर होता है, जो पाचन ठीक रखने में मदद करता है और कब्ज से बचाता है. फाइबर पेट को देर तक भरा रखता है, जिससे ज्यादा खाने की आदत कम होती है और वजन कंट्रोल करने में मदद मिलती है.
इन्फ्लेमेशन को करे कम- खजूर एंटीऑक्सीडेंट से भी भरपूर होते हैं. ये शरीर को नुकसान पहुंचाने वाले फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं और सूजन कम करने में मदद करते हैं. इससे दिल की बीमारी और दूसरी पुरानी बीमारियों का खतरा कम हो सकता है.
नेचुरल एनर्जी का सोर्स- यह एक अच्छा नेचुरल एनर्जी सोर्स भी है. इसमें मौजूद प्राकृतिक शुगर तुरंत ताकत देती है, लेकिन रिफाइंड चीनी की तरह अचानक थकान नहीं लाती.
मिनरल्स से भरपूर- खजूर में कैल्शियम, मैग्नीशियम और फास्फोरस जैसे मिनरल होते हैं, जो हड्डियों को मजबूत बनाते हैं.
कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स- मीठा होने के बावजूद, इनमें फाइबर ज्यादा होता है और ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जिससे ब्लड शुगर तेजी से नहीं बढ़ता.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं