बच्चों को स्कूल भेजना होता है तो उनका लंच सुबह-सुबह जल्दी में बनाकर टिफिन को पैक कर देते हैं. खाना बनाकर टिफिन में पैक कर देना बहुत कॉमन है जो अमूमन हर घर में होता है. लेकिन कई बार ऐसा होता है कि जब बच्चे स्कूल में लंच खोलते हैं, तो खाना या तो खराब हो चुका होता है या उसका स्वाद बदल जाता है. खासकर गर्मियों के मौसम में ऐसी समस्या जरूर होती है. बड़ों को तो आसानी से पता लग जाता है कि खाना खराब है, लेकिन बात करें बच्चों की तो उनको ये समझ नहीं आता है.
ऐसे में खराब खाना खाने से उनकी तबियत बिगड़ जाती है. अगर आप भी सुबह-सुबह बच्चे के लिए टिफिन पैक करते हैं तो खाना पैक करते समय आपको कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना है, ऐसा करने से टिफिन लंच टाइम तक फ्रेश और खाने लायक बना रहेगा.
टिफिन पैक करते समय किन बातों का रखें ध्यान
खाना कैसे पैक करें
अगर आप बच्चे के लिए खाना पैक कर रहे हैं तो ध्यान रखें की गर्म खाने को सीधे टिफिन में बंद न करें. अगर आप गरम-गरम खाने को पैक कर देते हैं तो उसमें भाप बनती है, जिस वजह से नमी होती है और खाना जल्दी खराब हो सकता है. इसलिए खाने को थोड़ा ठंडा होने दें उसके बाद ही पैक करें.
टिफिन की क्वालिटी
इसके साथ ही दूसरी जो जरूरी बात है वो है टिफिन की क्वालिटी. आप खाना पैक करने के लिए स्टील या अच्छी क्वालिटी के एयरटाइट कंटेनर का ही इस्तेमाल करें. अच्छे टिफिन और एयरटाइट टिफिन में बाहर की हवा अंदर नहीं हाती है और खाना लंबे समय तक फ्रेश और सही रहता है. प्लास्टिक के टिफिन में खाना पैक करने से बचें, क्योंकि इनमें बैक्टीरिया जल्दी पनपते हैं.
ड्राई खाना
कोशिश करें कि टिफिन में ज्यादातर ड्राई चीजें ही पैक करें, ज्यादा ग्रेवी वाली चीजें जल्दी खराब होती हैं. अगर ग्रेवी वाली सब्जी ले जा रहे हैं तो उसे ठंडा हो जाने के बाद एयर टाइट कंटेनर्स में ही पैक करें.
फ्रेश चीजें
आप सुबह जल्दी खाना बनाते हैं तो कोशिश करें कि आप सभी चीजें फ्रेश इस्तेमाल करें. रात का बचा हुआ आटा या सब्जी टिफिन में पैक करने से वह जल्दी खराब हो सकता है.
ये भी पढ़ें: बच्चों को पढ़ाई में तेज कैसे करें? पेरेंट्स को बस इन 3 बातों को रखना होगा ध्यान!
नींबू या सिरका
इसके साथ ही आप टिफिन में थोड़ा सा नींबू या सिरका वाली चीजें शामिल करें. ये नैचरली चीजों को खराब होने से बचाने में मदद करता है.
आइस पैक
गर्मियों में खाना पैक करते समय टिफिन बैग में आइस पैक भी रख सकते हैं. इससे खाना ठंडा रहता है और बैक्टीरिया जल्दी नहीं पनपते.
साफ-सफाई
इसके साथ ही आप टिफिन को अच्छी तरह से साफ करें सुखाकर रखें. गंदे या गीले डिब्बे में रखा खाना जल्दी खराब हो सकता है.
सिर्फ बच्चों के लिए ही नहीं, बल्कि अगर आप अपने लिए भी टिफिन पैक कर रहे हैं तो इन बातों का ध्यान जरूर रखें.
ये भी पढ़ें: दिल्ली NCR में बच्चों के साथ बिताना है शानदार वीकेंड? ये 4 जगहें बना देंगी आपकी छुट्टी को यादगार
History of Samosa- Swaad Ka Safar | समोसे का इतिहास | जानें ईरान से भारत कैसे पहुंचा समोसा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं