Tank Cooling Tips: गर्मियों में दोपहर के समय कई घरों में नल खोलते ही गर्म पानी आने लगता है. खासकर जिन घरों में पानी की टंकी छत पर रखी होती है, वहां तेज धूप के कारण पानी जल्दी गर्म हो जाता है. इससे न सिर्फ नहाने और किचन के काम में परेशानी होती है बल्कि कई बार बहुत गर्म पानी त्वचा पर भी असर डाल सकता है. ऐसे में लोग अक्सर सोचते हैं कि आखिर टंकी को ठंडा कैसे रखा जाए. अच्छी बात यह है कि कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर पानी की टंकी को जरूरत से ज्यादा गर्म होने से बचाया जा सकता है.
गर्मियों में टंकी के पानी को ठंडा रखने के लिए आजमाएं ये तरीके- (How To Keep Tank Water Cool In Summer)
टंकी को सीधे धूप से बचाना जरूरी
अगर पानी की टंकी पूरे दिन सीधी धूप में रहती है तो उसका तापमान तेजी से बढ़ सकता है. ऐसे में टंकी के ऊपर शेड लगवाना काफी मददगार माना जाता है. टीन, फाइबर या ग्रीन नेट की मदद से छांव बनाई जा सकती है ताकि धूप सीधे टंकी पर न पड़े.

सफेद रंग की टंकी ज्यादा बेहतर मानी जाती है
गहरे रंग की टंकियां गर्मी ज्यादा सोखती हैं. वहीं हल्के या सफेद रंग की टंकी धूप को काफी हद तक रिफ्लेक्ट कर देती है. अगर नई टंकी खरीदने का प्लान है तो हल्के रंग का विकल्प चुनना बेहतर हो सकता है.
यह भी पढ़ें- Curd Benefits For Hair: दही में मिलाकर लगा लें ये चीजें, बाल बनेंगे मुलायम और मजबूत
टंकी को ढंकने के लिए इस्तेमाल करें इंसुलेशन
आजकल बाजार में टंकी कवर और इंसुलेशन शीट भी आसानी से मिल जाती हैं. इन्हें टंकी पर लगाने से अंदर का पानी लंबे समय तक ज्यादा गर्म नहीं होता. कई लोग जूट की बोरी या मोटे कपड़े का इस्तेमाल भी करते हैं.
शाम या सुबह भरें पानी
दोपहर की तेज गर्मी में टंकी भरने से पानी पहले से ही गर्म हो सकता है. कोशिश करें कि पानी सुबह जल्दी या शाम के समय भरा जाए. इससे पानी का तापमान थोड़ा कम रह सकता है.
टंकी की सफाई भी है जरूरी
गर्मियों में टंकी की नियमित सफाई करना भी जरूरी माना जाता है. गंदगी और जमा परतें गर्मी को ज्यादा पकड़ सकती हैं. साफ टंकी में पानी भी ज्यादा फ्रेश महसूस होता है.
पाइपलाइन को भी रखें सुरक्षित
कई बार सिर्फ टंकी ही नहीं बल्कि खुले पाइप भी पानी को गर्म कर देते हैं. ऐसे में पाइप को कवर करना या दीवार के अंदर फिट करवाना मदद कर सकता है.
अगर आपके घर में भी गर्मियों में नलों से बहुत गर्म पानी आ रहा है तो ये आसान उपाय राहत दिला सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं