बच्चे मासूम होते हैं, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि वो कभी झूठ नहीं बोलते. कभी डांट से बचने के लिए, कभी मोबाइल ज्यादा चलाने की बात छिपाने के लिए तो कभी अपनी किसी शरारत पर पर्दा डालने के लिए बच्चे भी झूठ का सहारा ले लेते हैं. ऐसे में हर माता-पिता के मन में यही सवाल आता है कि आखिर कैसे पता लगाया जाए कि बच्चा सच बोल रहा है या नहीं. हालांकि सिर्फ एक संकेत देखकर किसी नतीजे पर पहुंचना सही नहीं है. लेकिन अगर ये आदतें बार-बार नजर आएं तो थोड़ा ध्यान देने की जरूरत है.
बार-बार आंखें चुराना
अगर आपका बच्चा बात करते समय आपकी आंखों में देखने से बच रहा है. नजरें झुका रहा है या बार-बार इधर-उधर देखने लगता है, तो हो सकता है कि वो अनकंफर्टेबल महसूस कर रहा हो. छोटे बच्चे तो कई बार सवाल सुनते ही वहां से निकलने की कोशिश भी करते हैं. हालांकि हर बार ऐसा होना झूठ की निशानी नहीं होता. लेकिन इस बदलाव पर ध्यान देना चाहिए.
छोटी बात पर जरूरत से ज्यादा सफाई देना
अगर आपने सिर्फ एक नॉर्मल सी बात पूछी और बच्चा बिना वजह लंबी-चौड़ी सफाई देने लगे या छोटी सी बात पर गुस्सा हो जाए तो ये भी एक संकेत हो सकता है. कई बार बच्चे अपनी बात को सच साबित करने के लिए जरूरत से ज्यादा बोलने लगते हैं.
अचानक व्यवहार बदल जाना
क्या आपका बच्चा अचानक बहुत ज्यादा मीठा बनने लगा है? या फिर पहले से ज्यादा चिड़चिड़ा और अकेला रहने लगा है? अगर उसके नेचर में बिना किसी वजह के बड़ा बदलाव दिखे. तो हो सकता है कि वो किसी बात को छिपाने की कोशिश कर रहा हो.
बार बार गला साफ करना या रुक रुक कर बोलना
झूठ बोलते समय कई बच्चों की बॉडी लैंग्वेज बदल जाती है. अगर बच्चा बात करते करते बार बार गला साफ करे, होंठ निगले या जवाब देने से पहले बार-बार रुके. तो ये तनाव या घबराहट का संकेत हो सकता है.
घबराहट साफ नजर आना
अगर बच्चा बहुत बेचैन दिखे, तेजी से पलकें झपकाए, हाथ-पैर हिलाता रहे या उसकी सांसें सामान्य से तेज लगें. तो ये भी इस बात का इशारा हो सकता है कि वो दबाव में है. हालांकि इसके पीछे दूसरी वजहें भी हो सकती हैं.
कहानी बार-बार बदलना
झूठ ज्यादा देर तक टिक नहीं पाता. अगर बच्चा एक ही घटना को हर बार अलग तरीके से बताएं, उसकी बातें आपस में मेल न खाएं या जरूरी सवालों पर जवाब बदलने लगे. तो समझिए कुछ बात जरूर छिपाई जा रही है. ऐसे में गुस्सा करने की बजाय प्यार से बात करें. अक्सर बच्चे डांट के डर से झूठ बोलते हैं. लेकिन भरोसे का माहौल मिलने पर सच खुद सामने आ जाता है.
ये भी पढ़ें: फ्रिज में रखे आटे को काला पड़ने से कैसे बचाएं? बस गूंथते समय मिला दें ये 1 चीज, ना होगा काला ना सख्त
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं