बच्चे की हर छोटी-बड़ी आदत पर माता-पिता की नजर रहती है. कई बच्चे रात में सोते समय दांत किटकिटाते हैं. ऐसे में ज्यादातर पेरेंट्स घबरा जाते हैं. वहीं, कुछ इसे पेट में कीड़ों से जोड़कर देखने लगते हैं. माना जाता है कि पेट में कीड़े होने पर बच्चे नींद में दांत पीसते या किटकिटाते हैं. लेकिन क्या वाकई ऐसा है? इसे लेकर मशहूर पीडियाट्रिशियन रवि मलिक ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. आइए जानते हैं इस वीडियो में बच्चों के डॉक्टर क्या कहते हैं-
क्यों रात में दांत पीसते हैं बच्चे?
डॉक्टर रवि मलिक बताते हैं, यह एक आम मिथ है कि पेट में कीड़े होने की वजह से बच्चा रात में दांत पीसता है. कई माता-पिता इसी गलतफहमी में बच्चों को कीड़ों की दवा दे देते हैं. बिना जरूरत दवाई लेना बच्चे के लिए उल्टा नुकसानदायक साबित हो सकता है. अगर बच्चे के पेट में कीड़े हैं, तो उसे खून की कमी हो सकती है, भूख लगना कम हो जाती है, पेट दर्द रहता या कमजोरी महसूस होने लगती है. इससे अलग दांत पीसने का पेट के कीड़ों से कोई लेना-देना नहीं होता है.
पीडियाट्रिशियन कहते हैं, रात में दांत पीसने की आदत को मेडिकल भाषा में ब्रुक्सिज्म (Bruxism) कहा जाता है. यह समस्या खासकर 7 साल से कम उम्र के बच्चों में ज्यादा देखने को मिलती है. कई बार हल्के तनाव, नई चीजों को लेकर चिंता या दिनभर की थकान की वजह से भी बच्चा सोते समय दांत पीस सकता है. इसके अलावा, जब छोटे बच्चों के नए दांत निकल रहे होते हैं, तब भी यह आदत कुछ समय के लिए दिखाई दे सकती है. कई मामलों में इसकी कोई खास वजह भी नहीं होती. यानी बिना किसी वजह के भी बच्चा ऐसा कर सकता है.
माता-पिता क्या करें?अगर बच्चा कभी-कभी रात में दांत पीसता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. उससे प्यार से बात करें, उसका तनाव समझने की कोशिश करें और उसका सोने का माहौल शांत रखें. ये आदत समय के साथ अपने आप ही ठीक हो जाती है. हालांकि, अगर आदत लंबे समय तक बनी रहे, दांतों में दर्द होने लगे या दांत घिसने लगें, तो बच्चों के डॉक्टर या डेंटिस्ट से सलाह जरूर लें.
यह भी पढ़ें- बिना जिद किए आपकी हर बात मानेगा बच्चा, बस कर लें पीडियाट्रिशियन के बताए ये 8 काम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं