विज्ञापन

अपोलो के डॉक्टर ने बताया डिटॉक्स और वजन घटाने के लिए क्यों नहीं करना चाहिए Water Fasting

What Is Water Fasting: मोटापा आज के समय की एक बड़ी समस्या में से एक है, इसे कम करने के लिए हम तरह-तरह के फास्टिंग नियम को अपनाते हैं और उन्हीं में से एक है वॉटर फास्टिंग. इस आर्टिकल में जानें क्या है ये और किसे करना चाहिए इसका पालन.

अपोलो के डॉक्टर ने बताया डिटॉक्स और वजन घटाने के लिए क्यों नहीं करना चाहिए Water Fasting
Water Fasting: वजन घटाने के लिए क्यों नहीं करें वॉटर फास्टिंग.

Water Fasting For Detox And Weight Loss: आज का समय सोशल मीडिया का है. आए दिन सोशल मीडिया पर कुछ न कुछ ऐसा देखने को मिलता है, जो कई बार तो हमें निराश कर देता है लेकिन कई बार प्रेरित भी करता है. आपने सोशल मीडिया पर वजन घटाने को लेकर भी तरह-तरह के उपाए देखे होंगे और उन्हीं में से एक है वॉटर फॉस्टिंग (Water Fasting). इसमें लोग 24 से 72 घंटों तक, और कई बार इससे भी ज्यादा समय तक सिर्फ पानी पीकर रहते हैं. इंटरनेट पर इसे एक जादुई तरीके के रूप में पेश किया जा रहा है, लेकिन क्या यह वाकई सुरक्षित है? ​फेमस रोबोटिक, जीआई और बेरिएट्रिक सर्जन डॉ. अंशुमन कौशल ने इस ट्रेंड को लेकर एक गंभीर चेतावनी जारी की है. उन्होंने साफ कहा है कि बिना डॉक्टरी सलाह के खुद से वॉटर फास्टिंग करना सेहत के लिए "कंट्रोल्ड सेल्फ-डैमेज" यानी खुद को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने जैसा हो सकता है. तो चलिए जानते हैं डॉक्टर ने क्या दी सलाह.

Latest and Breaking News on NDTV

​क्या वॉटर फास्टिंग वाकई कोई हेल्थ हैक है? (Is water fasting really a health hack?)

​डॉ. कौशल ने अपने सोशल मीडिया वीडियो में बताया कि वॉटर फास्टिंग से वजन तो जल्दी घट जाता है और ब्लड प्रेशर में भी थोड़ा सुधार दिखता है, लेकिन लंबे समय में इसके फायदे बहुत कम हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यूट्यूब या इंस्टाग्राम देखकर ऐसे प्रयोग करना खतरनाक हो सकता है. मेडिकल साइंस केवल उन्हीं उपवासों का समर्थन करता है जो डॉक्टरों की निगरानी में किए जाएं.

​डॉक्टर ने इस पूरी स्थिति को तीन सिग्नल यानी रेड, येलो और ग्रीन लाइट में बांटकर समझाया है-

​1. रेड लाइट- 

​अगर आप नीचे दी गई कैटेगरी में आते हैं, तो वॉटर फास्टिंग आपके लिए किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.

  1. ​टाइप-1 डायबिटीज के मरीज.
  2. ​ऐसे लोग जो पहले से ही कमजोर या कुपोषित हैं.
  3. ​जिनका हाल ही में वजन बहुत तेजी से कम हुआ हो.
  4. ​शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स (जैसे नमक, पोटैशियम) की कमी वाले लोग.
  5. ​जो लोग नियमित रूप से दवाइयां लेते हैं.

​डॉक्टर के मुताबिक, एक हाई-रिस्क शरीर पर उपवास करना कोई प्रयोग नहीं, बल्कि एक्सीडेंट को दावत देना है.

​2. येलो लाइट- 

​अगर आपका गोल वजन कम करना है, तो भी आपको इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए. डॉक्टर के अनुसार, फास्टिंग शुरू करने से पहले लैब टेस्ट (खून की जांच) और शरीर की स्क्रीनिंग बहुत जरूरी है. सबसे जरूरी बात है 'रीफीडिंग प्लान' यानी उपवास तोड़ने के बाद क्या और कैसे खाना है. डॉक्टर कहते हैं, "फास्टिंग करना आसान है, लेकिन उसे वैज्ञानिक तरीके से तोड़ना असली चुनौती है."

​3. ग्रीन लाइट- 

​अगर आप पूरी तरह स्वस्थ हैं और आपकी रिपोर्ट्स नॉर्मल हैं, तब भी आपको इसे अकेले (DIY) नहीं करना चाहिए. रिस्क कभी जीरो नहीं होता. आपके पास उपवास करने की एक ठोस वजह और उसे खत्म करने का सही प्लान होना चाहिए.

​​डॉ. अंशुमन कौशल ने समझाया कि जब आप सिर्फ पानी पर रहते हैं, तो शरीर में क्या बदलाव आते हैं

​1 से 3 दिन- शरीर में जमा ग्लाइकोजन खत्म होने लगता है. शरीर से पानी कम होता है, जिससे वजन घटता है और आपको लगता है कि आप जीत रहे हैं.

​तीसरे दिन के बाद- शरीर 'कीटोसिस' की स्थिति में चला जाता है. यहां से मांसपेशियों (Muscles) का टूटना शुरू हो जाता है और इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बिगड़ने लगता है.

Latest and Breaking News on NDTV

​वॉटर फास्टिंग के साइड इफेक्ट्स- (Harmful Effects Of Water Fasting)

​डॉक्टर ने सुझाव किया कि वॉटर फास्टिंग से आप डिटॉक्स नहीं हो रहे हैं, बल्कि सिर्फ अपने शरीर का 'ईंधन' बदल रहे हैं. इसके कुछ गंभीर नुकसान हो सकते हैं.

  • मसल्स का नुकसान- वजन के साथ-साथ आपकी मांसपेशियां भी कम हो जाती हैं.
  • इंसुलिन की समस्या- शुरुआत में इंसुलिन सेंसिटिविटी सुधरती है, लेकिन खाना शुरू करते ही यह फिर से बिगड़ सकती है.
  • थकान और चक्कर- शरीर में ऊर्जा की कमी से सिरदर्द, कमजोरी और बेहोशी जैसे लक्षण दिख सकते हैं
  • यूरिक एसिड- शरीर में यूरिक एसिड अचानक बढ़ सकता है.
  • रीफीडिंग सिंड्रोम- लंबे समय तक भूखे रहने के बाद अचानक खाना खाने से शरीर के इलेक्ट्रोलाइट्स क्रैश हो सकते हैं. इससे दिल की धड़कन बिगड़ना और दिमागी समस्याएं हो सकती हैं. 

​सुरक्षित तरीके क्या हैं? Better Options Than Water Fasting:

​अगर आप वजन घटाना चाहते हैं और स्वस्थ रहना चाहते हैं, तो डॉक्टर ने वॉटर फास्टिंग की जगह इन टिकाऊ तरीकों को अपनाने की सलाह दी है.

  1. मेडिटेरेनियन डाइट या सात्विक भोजन- फल, सब्जियां और साबुत अनाज खाएं.
  2. कैलोरी कंट्रोल- जितनी जरूरत हो उतना ही खाएं.
  3. इंटरमिटेंट फास्टिंग- समयबद्ध तरीके से खाना (जैसे 16 घंटे उपवास, 8 घंटे खाना).
  4. ​प्रोटीन- अपनी डाइट में पर्याप्त प्रोटीन शामिल करें.
  5. स्ट्रेंथ ट्रेनिंग- केवल कार्डियो नहीं, बल्कि वजन उठाने वाली एक्सरसाइज भी करें ताकि मसल्स बनी रहें. 

ये भी पढ़ें- किस विटामिन की कमी से होते हैं मुंह में छाले? एक्सपर्ट से जानें...

अस्थमा पूरी तरह क्यों ठीक नहीं हो सकता? डॉक्टर ने क्या कहा जानिए

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com