Air Purifier ka Filter Saaf Karne ka Tareeka: दिवाली के बाद दिल्ली-NCR और आसपास के इलाकों में प्रदूषण काफी ज्यादा बढ़ गया है. ऐसे में अधिकतर लोगों ने घर में एयर प्यूरीफायर को यूज करना शुरू कर दिया है. ये रोजाना कमरे की हवा से धूल, धुआं और बारीक कणों को फिल्टर करता है. ऐसे में इसके अंदर भी काफी गंदगी जमा हो जाती है. साथ ही जब फिल्टर और वेंट्स धूल से भर जाते हैं, तो मशीन को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, हवा का फ्लो कम हो जाता है और प्यूरीफायर पहले जितनी अच्छी तरह हवा साफ नहीं कर पाता. इसी कड़ी में आज हम आपको घर पर एयर प्यूरीफायर कैसे साफ करें और इसे साफ करने का सही तरीका क्या है.
सबसे पहले बाहर से करें साफ
एयर प्यूरीफायर की आउटर बॉडी, एयर इनलेट और आउटलेट ग्रिल्स पर समय के साथ धूल जम जाती है. इसकी सफाई के लिए मुलायम और सूखे या हल्के गीले माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल करें. ग्रिल्स, वेंट्स और फैन के आसपास जमी धूल हटाने के लिए मुलायम ब्रश या वैक्यूम क्लीनर के ब्रश अटैचमेंट का उपयोग कर सकते हैं. ध्यान रखें कि तेज केमिकल वाले क्लीनर, अल्कोहल या सॉल्वेंट का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे प्लास्टिक को नुकसान पहुंच सकता है. सफाई करते समय मशीन के अंदर पानी न जाने दें. इसके बाद प्यूरीफायर की सतह को अच्छी तरह सुखा लें और फिर आगे की सफाई करें.
यह भी पढ़ें: बोतल की बदबू को कैसे खत्म करें? जानें स्टील की बोतल को अंदर से साफ करने का तरीका
प्री-फिल्टर को ऐसे करें साफ
प्री-फिल्टर हवा में मौजूद बड़े कणों जैसे बाल, रूई के रेशे और दिखने वाली धूल को सबसे पहले रोकता है, इसलिए ये सबसे जल्दी गंदा हो जाता है. इसे निकालने के लिए अपने एयर प्यूरीफायर के मैनुअल में दिए गए इंस्ट्रक्शन को फॉलो करें और वैक्यूम क्लीनर से इसकी धूल साफ कर लें. अगर आापके मॉडल का प्री-फिल्टर वॉशेबल है, तो इसे गुनगुने पानी से धो सकते हैं. जरूरत पड़े तो थोड़ा हल्का साबून भी इस्तेमाल कर लें. धोने के बाद इसे छायादार और हवा वाली जगह पर पूरी तरह सूखने दें, फिर दोबारा मशीन में लगाएं. ध्यान रखें कि गीला फिल्टर लगाने से उसमें फफूंदी और बदबू हो सकती है, साथ ही प्यूरीफायर को भी नुकसान पहुंच सकता है. इसलिए सुखाने के बाद ही इसे वापिस फिट करें.

HEPA एयर फिलटर कैसे साफ करें?
HEPA फिल्टर हवा में मौजूद बेहद बारीक धूल और प्रदूषक कणों को पकड़ते हैं, लेकिन इन्हें आमतौर पर धोया नहीं जा सकता है. दरअसल, पानी लगने से ये खराब हो सकते हैं. अगर आपके एयर प्यूरीफायर के मैनुअल में इंस्ट्रक्शन्स हैं तो आप वैक्यूम क्लीनर के सॉफ्ट ब्रश अटैचमेंट से इसकी सतह पर जमी हल्की धूल साफ कर सकते हैं. साथ ही फिल्टर को जोर से दबाने, रगड़ने या थपथपाने से बचें.
वहीं, एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर हवा की बदबू और गंध को सोखने का काम करते हैं. इन्हें भी आमतौर पर धोया नहीं जाता और समय पूरा होने पर बदलना पड़ता है.
कब बदलना चाहिए एयर फिल्टर?
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अधिकतर HEPA फिल्टर 6 महीने से 1 साल या उससे ज्यादा समय तक चल सकते हैं. इसकी उम्र आपके प्यूरीफायर के मॉडल और आपके इलाके के प्रदूषण लेवल पर निर्भर करती है. अगर फिल्टर बहुत ज्यादा गंदा दिखाई दे या प्यूरीफायर की हवा खींचने और साफ करने की क्षमता कम लगने लगे, तो फिल्टर को तय समय से पहले भी बदल देना चाहिए.
इन बातों का रखें ध्यान
एयर प्यूरीफायर को ऐसी जगह रखें जहां उसके चारों ओर हवा आसानी से आ-जा सके. इसे दीवारों और फर्नीचर से थोड़ा दूर रखें, ताकि ये सही से काम कर सके. प्यूरीफायर चलाते समय कमरे के दरवाजे और खिड़कियां ज्यादातर बंद रखें. साथ ही, कमरे की नियमित रूप से साफ-सफाई करें. इसके अलावा फिल्टर कब बदला गया है, इसकी तारीख नोट जरूर कर लें. इससे समय पर फिल्टर बदलना आसान रहेगा.
यह भी पढ़ें: कितने दिन में बदल देना चाहिए टूथब्रश? इन 5 लक्षणों को देखते ही ले आएं नया ब्रश
यह भी पढ़ें: छिपकली भगाने वाला स्प्रे कैसे बनाएं? एक्सपर्ट ने बताया क्या छिड़कने से घर में नहीं दिखेगी एक भी छिपकली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं