पानी पीने के लिए हम सभी बोतल का इस्तेमाल करते हैं. कुछ लोग हमेशा अपनी पानी की बोतल को साथ ही रखते हैं. लेकिन कई बार लगातार इस्तेमाल करने के बाद बोतल के अंदर से अजीब सी बदबू आने लगती है. इतना ही नहीं, इस बदबू की वजह से कई बार बोतल के पानी का स्वाद भी बदल जाता है. ऐसे में लोग बोतल को साबुन और पानी से धोते हैं, लेकिन इसके बाद भी बदबू पूरी तरह खत्म नहीं होती. अगर आपकी बोतल से भी इस तरह की गंध आ रही है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दीप्ति कपूर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने बोतल से आने वाली गंध को एक ही बार में खत्म करने का आसान नुस्खा बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
इस तरह करें बोतल की सफाई
- दीप्ति कपूर बताती हैं, बोतल से आने वाली बदबू को दूर करने के लिए आप बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कर सकते हैं. अगर आपकी बोतल बड़ी है, तो एक बड़ा चम्मच बेकिंग सोडा लें. अगर बोतल छोटी है, तो आधा चम्मच बेकिंग सोडा काफी है.
- जरूरत के हिसाब से बेकिंग सोडा लेकर इसे अपनी बोतल में डालें, ऊपर से थोड़ा सा पानी डालें.
- इसके बाद बोतल का ढक्कन लगाकर इसे अच्छी तरह शेक करें.
- अब, 15 मिनट तक बोतल को ऐसे ही रख दें.
- तय समय बाद इस पानी को निकालें, फिर पहले साफ पानी से बोतल को धोएं, इसके बाद एक बार डिशवॉश से बोतल की अच्छी तरह सफाई कर लें.
- अब, बोतल को पूरी तरह सूखने के लिए रख दें. इतना करते ही एक ही बार में बोतल से आने वाली बदबू पूरी तरह गायब हो जाएगी.
- जब बोतल सूख जाए, तब आप इसमें पीने के लिए फिर से पानी भर सकते हैं.
दरअसल, बेकिंग सोडा नमी को खींचने का काम करता है, जिससे बदबू को दूर करने में मदद मिलती है. ऐसे में आप हर थोड़े दिनों में ये तरीका आजमाकर देख सकते हैं. इससे अलग हर दिन बोतल को खाली करके धोएं और इस्तेमाल से पहले उसे अच्छी तरह सुखाएं. बोतल के ढक्कन, रबर और किनारों की भी सफाई करें, क्योंकि इन जगहों पर गंदगी और बैक्टीरिया जमा हो सकते हैं. वहीं, अगर इतना करने के बाद भी बोतल से बदबू आ रही है, तो फिर इसका इस्तेमाल न करें.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- छिपकली भगाने वाला स्प्रे कैसे बनाएं? एक्सपर्ट ने बताया क्या छिड़कने से घर में नहीं दिखेगी एक भी छिपकली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं