AC Tips : AC के पाइप से बाहर पानी निकलना आम बात है, लेकिन अगर पानी कमरे के अंदर टपकने लगे, तो समझ नहीं आता कि आखिर समस्या कहां है. कई लोग सोचते हैं कि शायद AC खराब हो गया है, जबकि कुछ लोग इस समस्या को मामूली समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. सच यह है कि AC की बाहर वाली पाइप से पानी निकलना बिल्कुल नॉर्मल बात है.
लेकिन अगर पानी इंडोर यूनिट से टपकने लगे या दीवार पर बहने लगे, तो यह किसी तकनीकी समस्या का संकेत हो सकता है. समय रहते इस पर ध्यान न दिया जाए तो दीवार, फर्नीचर और AC तीनों को नुकसान पहुंच सकता है. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि AC के अंदर से पानी आखिर टपकता क्यों है और इसे कैसे रोका जा सकता है.
क्यों टपकता है AC से पानी?
AC चलते समय कमरे की हवा को खींचता है. हवा में मौजूद नमी जब AC की ठंडी कॉइल तक पहुंचती है, तो वह पानी की बूंदों में बदल जाती है. यही पानी बाद में पाइप के जरिए बाहर निकलता है. इसलिए AC की पाइप से बाहर पानी निकलना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है. समस्या तब शुरू होती है, जब यही पानी इंडोर यूनिट से टपकने लगे या कमरे के अंदर रिसने लगे. आइए जानते है कि ऐसा किस वजह से होता है.
ड्रेनेज पाइप जाम होना सबसे आम वजह
ज्यादातर मामलों में AC से पानी टपकने की वजह ड्रेनेज पाइप का जाम होना होती है. धूल, मिट्टी या गंदगी जमा होने से पानी बाहर नहीं निकल पाता. नतीजा यह होता है कि पानी वापस इंडोर यूनिट में भरने लगता है और फिर कमरे के अंदर टपकने लगता है.
गंदे फिल्टर बढ़ा सकते हैं परेशानी

Photo Credit: NDTV
अगर AC के फिल्टर लंबे समय से साफ नहीं किए गए हैं, तो हवा का फ्लो कम हो जाता है. इससे कॉइल्स पर बर्फ जम सकती है. बाद में जब यह बर्फ पिघलती है, तो जरूरत से ज्यादा पानी बनता है और लीकेज शुरू हो सकती है.
गलत इंस्टॉलेशन भी हो सकती है वजह

Photo Credit: NDTV
कई बार AC लगाते समय यूनिट का झुकाव सही नहीं रखा जाता. ऐसी स्थिति में पानी ड्रेनेज पाइप की तरफ जाने के बजाय अंदर जमा होने लगता है. कुछ समय बाद यही पानी टपकने लगता है.
गैस कम होने पर भी हो सकता है लीकेज
AC की गैस कम होने पर भी कॉइल्स पर बर्फ जमने लगती है. बाद में यही बर्फ पिघलकर पानी की लीकेज की वजह बन सकती है. बर्फ पिघलने पर अतिरिक्त पानी बनता है, जो कमरे के अंदर रिस सकता है.
इस स्थिति से बचने के लिए AC के फिल्टर की सफाई करवानी चाहिए. समय-समय पर सर्विस करवाएं और ड्रेनेज पाइप की जांच भी कराते रहें. अगर पानी लगातार टपक रहा है, तो खुद खोलने की बजाय किसी टेक्नीशियन से जांच करवाना बेहतर रहेगा. वर्ना एक छोटी सी समस्या आने वाले समय में बड़े खर्च व असुविधा का कारण बन सकती है.
ये भी पढ़ें: गर्मी में AC नहीं कर रहा कूलिंग? अपनाएं एक बाल्टी पानी वाला सीक्रेट, बिजली का बिल भी आएगा कम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं