विज्ञापन

UP सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए 30 हजार AI कैमरों से मिनट-टू-मिनट निगरानी, गड़बड़ी करने वालों को उम्रकैद

नए सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत नकल कराने या सॉल्वर बनने पर करोड़ों का जुर्माना और आजीवन कारावास का प्रावधान है. अभ्यर्थियों की एंट्री सख्त बायोमेट्रिक जांच और सैनिटाइजेशन के बाद ही होगी.

UP सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए 30 हजार AI कैमरों से मिनट-टू-मिनट निगरानी, गड़बड़ी करने वालों को उम्रकैद
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा, इसके बाद ही एंट्री मिलेगी.

 उत्तर प्रदेश में होने जा रही ऐतिहासिक सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर योगी सरकार और उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने कमर कस ली है. आगामी 8, 9 और 10 जून को राज्य के सभी 75 जिलों में यह परीक्षा आयोजित की जा रही है. 32,679 पदों के लिए होने वाली इस परीक्षा में करीब 28 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे. भर्ती परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भर्ती बोर्ड के डीआईजी  सत्यार्थ पंकज ने एनडीटीवी इंडिया से खास बातचीत की. 

डीआईजी सत्यार्थ पंकज ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए राज्य में एक थ्री ट्रायल कंट्रोल रूम बनाया गया है. पूरे प्रदेश के 1,183 परीक्षा केंद्रों पर 30,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए लाइव निगरानी रखी जाएगी. इस बार सुरक्षा व्यवस्था को हाई-टेक बनाते हुए AI सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया जा रहा है. अगर किसी भी सेंटर पर मिनट-टू-मिनट निगरानी के दौरान कोई संदिग्ध गतिविधि या गड़बड़ी होती है, तो AI सॉफ्टवेयर तुरंत भर्ती बोर्ड के मुख्य कंट्रोल रूम में वॉर्निंग अलार्म बजा देगा, जिससे तुरंत एक्शन लिया जा सके.

पेपर लीक करने वाले को उम्रकैद और करोड़ों का जुर्माना

वहीं, डीआईजी ने आगे बताया कि यूपी में लागू नए सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत परीक्षा में गड़बड़ी करने या सॉल्वर के रूप में पकड़े जाने पर करोड़ों रुपये का जुर्माना और आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है. अगर कोई पहली बार भी इस तरह के अपराध में शामिल पाया जाता है, तो उसे कम से कम 10 वर्ष की जेल होगी.

इसके साथ ही, शासन के निर्देश पर यूपी एसटीएफ (UP STF) पूरी तरह से एक्टिव है और संदिग्धों पर लगातार नजर रखेगी.

अभ्यर्थियों के लिए गाइडलाइंस और सुरक्षा प्रोटोकॉल

क्या ला सकते हैं अभ्यर्थी

अभ्यर्थियों को केंद्र पर केवल अपना एडमिट कार्ड, पहचान पत्र और बॉल पेन लाने की अनुमति होगी.

बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन

परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा, इसके बाद ही एंट्री मिलेगी.

स्टाफ के लिए नियम

परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मियों और जांच अधिकारियों के लिए अलग से स्पेशल एंट्री कार्ड और ऑथराइज्ड कार्ड जारी किए गए हैं. बिना इसके किसी भी स्टाफ को प्रवेश नहीं मिलेगा.

सैनिटाइजेशन

इसके साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों को पूरी तरह से सैनिटाइज किया जाएगा, जिसके बाद ही परीक्षा शुरू होगी.

Question Papers की सीक्रेट सुरक्षा

डीआईजी ने बताया कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए बेहद गोपनीय और सख्त रूट प्लान तैयार किया गया है. प्रश्नपत्रों को केवल राजपत्रित अधिकारी अपने सरकारी वाहनों में ही लेकर जाएंगे. 

यह भी पढ़ें- UP Police Constable Exam के दिन भूलकर भी न करें ये गलतियां, पहले जान लें सभी जरूरी नियम

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com