UP Home Guard Answer Key 2026: यूपी होमगार्ड परीक्षा की आंसर की का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा 2026 की प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी है. जिन अभ्यर्थियों ने 25, 26 और 27 अप्रैल को हुई परीक्षा में हिस्सा लिया था, वो अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने जवाब चेक कर सकते हैं. उम्मीदवार अपने सही और गलत उत्तरों का मिलान भी कर सकेंगे. अगर किसी सवाल या जवाब को लेकर परेशानी है, तो उसके लिए आपत्ति दर्ज कराने की सुविधा भी दी गई है. बोर्ड ने साफ कहा है कि उम्मीदवार 10 मई 2026 तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं.
लॉगिन करके देखनी होगी आंसर की
- भर्ती बोर्ड के मुताबिक आंसर की देखने के लिए उम्मीदवारों को वेबसाइट पर लॉगिन करना होगा.
- इसके लिए रोल नंबर, जन्मतिथि और प्रश्न पुस्तिका क्रमांक की जरूरत पड़ेगी.
- लॉगिन करने के बाद उम्मीदवार अपनी परीक्षा शिफ्ट और पेपर सेट के हिसाब से आंसर की देख सकेंगे.
- इससे उन्हें अपने संभावित अंकों का अंदाजा लगाने में मदद मिलेगी.
ऐसे दर्ज करें ऑनलाइन आपत्ति
अगर किसी उम्मीदवार को लगता है कि किसी प्रश्न का उत्तर गलत दिया गया है या विकल्प में गलती है, तो वो ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं. इसके लिए अलग पोर्टल बनाया गया है. उम्मीदवारों को अपने दावे के साथ जरूरी प्रमाण भी अपलोड करने होंगे. बोर्ड का कहना है कि बिना प्रमाण वाली आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा. तय तारीख के बाद भेजी गई शिकायत भी स्वीकार नहीं होगी.
कब हुई थी परीक्षा
होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 के तहत लिखित परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी. परीक्षा दो पालियों में हुई थी. प्रदेशभर के परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में उम्मीदवार शामिल हुए थे. परीक्षा के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता का खास ध्यान रखा गया था.
कितने पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 41,424 होमगार्ड पदों पर भर्ती की जाएगी. आंसर की पर आई आपत्तियों की जांच के बाद अंतिम उत्तर कुंजी जारी होगी. इसके बाद रिजल्ट तैयार किया जाएगा और सिलेक्टेड उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं