Rajasthan Teacher Jobs 2026 : राजस्थान के सरकारी स्कूलों, कॉलेजों और संस्कृत शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए विद्या संबल योजना के तहत गेस्ट फैकल्टी की भर्ती की जाएगी. योजना के तहत स्कूल और कॉलेज स्तर पर करीब 76 हजार 791 पदों पर गेस्ट फैकल्टी की व्यवस्था किए जाने की तैयारी है. इसका उद्देश्य शिक्षकों के रिक्त पदों के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने से रोकना और योग्य अभ्यर्थियों को शिक्षण कार्य से जोड़ना है.
कौन कर सकेगा आवेदन
इस योजना के तहत संबंधित शिक्षण संस्थानों में आवश्यकता के अनुसार रिक्त पदों की पहचान कर गेस्ट फैकल्टी की सेवाएं ली जाएंगी. इसके लिए निजी अभ्यर्थियों के साथ पात्र सेवानिवृत्त शिक्षक भी आवेदन कर सकेंगे. हालांकि, किसी पद पर नियुक्ति के लिए संबंधित विभाग और संस्थान की ओर से निर्धारित शैक्षणिक योग्यता पूरी करना जरूरी होगा.
किस ग्रेड पर होगी भर्ती
विद्या संबल योजना के तहत स्कूल स्तर पर कक्षा 1 से 8 तक के लिए ग्रेड-3 शिक्षक, कक्षा 9 और 10 के लिए वरिष्ठ अध्यापक तथा कक्षा 11 और 12 के लिए व्याख्याता के पदों पर गेस्ट फैकल्टी लगाए जाने का प्रावधान बताया गया है. इसके अलावा अनुदेशक और लैब असिस्टेंट जैसे पद भी इसमें शामिल हो सकते हैं.
उच्च शिक्षा संस्थानों में असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर स्तर के पदों पर भी गेस्ट फैकल्टी की व्यवस्था की जा सकती है. संबंधित कॉलेज या संस्थान में उपलब्ध रिक्तियों के अनुसार पदों की संख्या तय होगी.
Written Exam से नहीं इंटरव्यू से होगा सिलेक्शन
गेस्ट फैकल्टी के सिलेक्शन के लिए लिखित परीक्षा या साक्षात्कार नहीं लिया जाएगा. अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता के लिए 75 प्रतिशत और शैक्षणिक और प्रशैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव के लिए 25 प्रतिशत अंक रखा जा सकता है.
समान अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों में अधिक आयु वाले अभ्यर्थी को वरीयता दिए जाने का प्रावधान बताया गया है. चयन की प्रक्रिया संबंधित संस्था प्रधान और निर्धारित जिला स्तरीय चयन व्यवस्था की निगरानी में पूरी की जा सकती है.
तक प्रति घंटे के हिसाब से मिलेगी सैलरी
गेस्ट फैकल्टी को नियमित सरकारी शिक्षक के समान वेतन नहीं मिलेगा, बल्कि निर्धारित दर के अनुसार प्रति घंटे मानदेय दिया जाएगा. ग्रेड-3 शिक्षक, अनुदेशक और प्रयोगशाला सहायक के लिए 300 रुपए प्रति घंटे मानदेय और अधिकतम 21 हजार रुपए प्रतिमाह तक भुगतान की जानकारी है. वरिष्ठ अध्यापक को 350 रुपए प्रति घंटे और अधिकतम 25 हजार रुपए प्रतिमाह, जबकि व्याख्याता को 400 रुपए प्रति घंटे और अधिकतम 30 हजार रुपए प्रतिमाह तक मानदेय दिया जा सकता है.
उच्च शिक्षा में असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए 800 रुपए प्रति घंटे और अधिकतम 45 हजार रुपए प्रतिमाह, एसोसिएट प्रोफेसर के लिए 1000 रुपए प्रति घंटे और अधिकतम 52 हजार रुपए प्रतिमाह, जबकि प्रोफेसर के लिए 1200 रुपए प्रति घंटे और अधिकतम 60 हजार रुपए प्रतिमाह तक मानदेय का प्रावधान बताया गया है.
योग्यता क्या चाहिए
योजना में निर्धारित योग्यता रखने वाले निजी अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. इसके साथ पात्र सेवानिवृत्त शिक्षकों को भी गेस्ट फैकल्टी के तौर पर सेवाएं देने का अवसर मिलेगा. सेवानिवृत्त शिक्षकों के लिए अधिकतम आयु सीमा 65 वर्ष तक होने की जानकारी है.
आवेदन शुल्क कितनाविद्या संबल योजना के तहत गेस्ट फैकल्टी के लिए आवेदन शुल्क नहीं होने की जानकारी है. यानी पात्र अभ्यर्थी बिना किसी आवेदन शुल्क के आवेदन कर सकेंगे. आवेदन का तरीका संबंधित शिक्षण संस्थान की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया जाएगा.
ऑफलाइन होगा आवेदन
उपलब्ध जानकारी के अनुसार गेस्ट फैकल्टी के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन रखी जा सकती है. संबंधित स्कूल, कॉलेज या शिक्षण संस्था अपनी आवश्यकता के अनुसार रिक्त पदों की जानकारी जारी करेगी और अभ्यर्थियों से आवेदन प्राप्त करेगी.
आवेदन की शुरुआत और अंतिम तिथि सभी संस्थानों के लिए एक जैसी होना जरूरी नहीं है. इसलिए अभ्यर्थियों को अपने क्षेत्र के संबंधित सरकारी स्कूल, कॉलेज और शिक्षा विभाग की ओर से जारी सूचनाओं पर नजर रखनी होगी.
क्या लगेगा डॉक्यूमेंट्स
आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता की मार्कशीट और प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने होंगे. इसके अलावा प्रशैक्षणिक योग्यता, अनुभव प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण, जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो सहित अन्य जरूरी डॉक्यूमेंट्स मांगे जा सकते हैं.
सेवानिवृत्त शिक्षकों को सेवा और सेवानिवृत्ति से संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत करने पड़ सकते हैं. विद्या संबल योजना के तहत गेस्ट फैकल्टी के रूप में चयन होने का अर्थ स्थायी सरकारी नौकरी मिलना नहीं है. यह व्यवस्था पूरी तरह अस्थायी होगी. गेस्ट फैकल्टी को जरूरत के अनुसार वर्तमान शैक्षणिक सत्र के अंत तक अथवा संबंधित पद पर नियमित शिक्षक की नियुक्ति होने तक सेवाएं देने का अवसर दिया जा सकता है.
रेग्यूलर टीचर भर्ती के बाद गेस्ट फैकल्टी की सेवाएं हो जाएंगी समाप्त
नियमित शिक्षक की नियुक्ति होने या शिक्षण संस्था में गेस्ट फैकल्टी की आवश्यकता समाप्त होने पर सेवाएं समाप्त की जा सकती हैं. राजस्थान के कई सरकारी स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों के पद रिक्त हैं. लंबे समय तक पद खाली रहने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है और कई विषयों का पाठ्यक्रम समय पर पूरा नहीं हो पाता. इसी समस्या को दूर करने के लिए विद्या संबल योजना के तहत अस्थायी तौर पर गेस्ट फैकल्टी की व्यवस्था की जाती है.
इससे एक तरफ विद्यार्थियों को नियमित शिक्षण सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास होता है, वहीं दूसरी तरफ योग्य अभ्यर्थियों और सेवानिवृत्त शिक्षकों को अस्थायी रोजगार का अवसर मिलता है.
यह भी पढ़ें- NDA से अफसर बनने वालों की कितनी होती है सैलरी? ट्रेनिंग से लेकर अफसर बनने तक जानें पैसों का हिसाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं