विज्ञापन

राजस्थान SI भर्ती 2021 मामले में सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दायर, असफल अभ्यर्थियों ने लगाई याचिका

एसआई भर्ती 2021 परीक्षा का नोटिफिकेशन 3 फरवरी, 2021 को जारी हुआ था. कुल 859 पदों के लिए आवेदन मांगी गई थी. करीब 7 लाख 97 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. ये परीक्षा 13 से 15 सितंबर 2021 को हुई थी. 3 लाख, 80 हजार अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में शामिल हुए थे.

राजस्थान SI भर्ती 2021 मामले में सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दायर, असफल अभ्यर्थियों ने लगाई याचिका
परीक्षा के आयोजन में बड़े स्तर पर धांधली के आरोप लगे थे.

राजस्थान एसआई भर्ती 2021 मामला एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट की दहलीज पर पहुंच सकता है. भर्ती रद्द करने के मामले में असफल अभ्यर्थियों ने सुप्रीम कोर्ट में कैविएट याचिका दायर की है. याचिकाकर्ता व असफल अभ्यर्थी कैलाश चन्द्र शर्मा व प्रमोद कुमार की ओर से कैविएट दायर की गई है.  याचिकाकर्ताओं ने कैविएट में कहा है कि यदि हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ राज्य सरकार या अन्य कोई चयनित अभ्यर्थी सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर करे तो उन्हें भी सुना जाए. बिना सुनवाई कोई अंतरिम या अंतिम आदेश नहीं दिए जाएं.

हालांकि फिलहाल राज्य सरकार की ओर से कोई याचिका दायर नहीं की गई है. सरकार अभी राजस्थान हाइकोर्ट की खंडपीठ के फैसले पर विचार विमर्श ही कर रही है. वहीं, जानकारी के मुताबिक भर्ती में चयनित ट्रेनी एसआई इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने की योजना बना रहे हैं.

क्या है पूरा मामला

4 अप्रैल को राजस्थान हाईकोर्ट की खंडपीठ ने एसआई भर्ती 2021 को रद्द रखने का फैसला बरकरार रखा था. इससे पहले 28 अगस्त, 2025 को राजस्थान हाईकोर्ट की एकलपीठ ने भर्ती रद्द करने का आदेश दिया था. खंडपीठ ने लंबी सुनवाई के बाद इस फैसले को बरकरार रखा. लेकिन एकलपीठ द्वारा आरपीएससी के सदस्यों के खिलाफ लिए गए स्वप्रेरित प्रसंज्ञान (Suo Motu Cognizance) को रद्द कर दिया था.

कैविएट एक औपचारिक कानूनी नोटिस होता है, जिसे अदालत में इसलिए दायर किया जाता है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि किसी ऐसे मामले में, जिसमें आपका हित जुड़ा हो, उससे जुड़ा कोई भी आदेश सुनाए जाने से पहले आपको सूचित किया जाए.

859 पदों के लिए हुई थी परीक्षा

  • इस एसआई भर्ती 2021 परीक्षा के लिए 3 फरवरी, 2021 को नोटिफिकेशन जारी हुआ था.
  • 859 पदों के लिए 13 से 15 सितंबर 2021 को भर्ती परीक्षा आयोजित हुई थी.
  • करीब 7 लाख 97 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था.
  • 3 लाख, 80 हजार अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में शामिल हुए थे.
  • 20 हजार 359 अभ्यर्थी फिजिकल टेस्ट के लिए पास हुए. 3 हजार, 291 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए चयनित हुए थे.
  • 1 जून, 2023 को फाइनल रिजल्ट जारी किया गया था. 

परीक्षा के आयोजन पर लगे धांधली के आरोप

परीक्षा के आयोजन में बड़े स्तर पर धांधली के आरोप लगे थे. जांच एसओजी को सौंपी गई थी. मामले में आरपीएससी के मेंबर तक के नाम सामने आए थे. इसके बाद मामले ने राजनीतिक तूल भी पकड़ा. आरपीएससी सदस्य रामूराम राईका और बाबूलाल कटरा की गिरफ्तारी हुई थी. मामला इतना गरमाया कि 2023 के विधानसभा चुनाव में पेपरलीक बड़ा मुद्दा रहा.

इसके बाद  13 अगस्त 2024 को भर्ती परीक्षा रद्द करने को लेकर याचिका दायर हुई थी. इस याचिका की लंबी सुनवाई के बाद हाईकोर्ट की एकल पीठ ने 28 अगस्त, 2025 को भर्ती परीक्षा को रद्द करने का फैसला दिया था. लेकिन चयनित एसआई अभ्यर्थियों ने इस फैसले को हाईकोर्ट की खंडपीठ में चुनौती दी थी. खंडपीठ ने 8 सितंबर को एकल पीठ के फैसले पर अंतरिम रोक लगा दी थी. 

इसके बाद वे अभ्यर्थी जो भर्ती परीक्षा को रद्द करवाना चाहते थे याचिका को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंचे. सुप्रीम कोर्ट ने 24 सितंबर को एकल पीठ के फैसले को बहाल करते हुए हाई कोर्ट की खंडपीठ को 3 महीने में फैसला लेने का आदेश दिया. इसके साथ ही चयनित एसआई अभ्यर्थियों की फील्ड पोस्टिंग पर रोक लगा दी थी.

रिपोर्टर- विश्वास

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com