विज्ञापन

Sarkari Naukri : बिहार में DSP बनने के लिए क्या योग्यता चाहिए?, जानिए यहां फुल डिटेल

बिहार में डीएसपी (DSP) बनने के लिए उम्मीदवारों को बीपीएससी (BPSC) परीक्षा पास करनी होती है. इसके लिए किसी भी विषय में ग्रेजुएशन होना अनिवार्य है. जनरल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए उम्र सीमा 20/22 से 37 वर्ष है, जबकि लंबाई कम से कम 5 फीट 5 इंच होनी चाहिए.

Sarkari Naukri : बिहार में DSP बनने के लिए क्या योग्यता चाहिए?, जानिए यहां फुल डिटेल
पुलिस सेवा का पद होने के कारण इसके लिए पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक मानदंड को पूरा करना भी अनिवार्य है.

How to become DSP in Bihar: बिहार पुलिस में डीएसपी का पद युवाओं के बीच सबसे लोकप्रिय और रौबदार पदों में से एक है. यह एक ऐसा पद है जो न सिर्फ आपको समाज में बड़ा सम्मान दिलाता है, बल्कि राज्य की कानून व्यवस्था को संभालने की बड़ी जिम्मेदारी भी देता है. अगर आपका भी सपना खाकी वर्दी पहनने का है और आप बिहार में डीएसपी बनना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको बीपीएससी (BPSC) परीक्षा पास करनी होगी. आइए जानते हैं कि बिहार में डीएसपी बनने का पूरा प्रोसेस क्या है.

डीएसपी बनने के लिए क्या योग्यता होनी चाहिए?

बिहार में डीएसपी बनने के लिए आपका किसी भी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट की डिग्री हो. चाहे आपने बीए, बीकॉम, बीएससी, बीटेक या कोई भी अन्य डिग्री ली हो, आप यह परीक्षा दे सकते हैं. खास बात यह है कि ग्रेजुएशन में आपके कितने भी पर्सेंटेज हों, केवल पास होने पर भी आप फॉर्म भरने के योग्य माने जाते हैं.

उम्र सीमा 

जनरल कैटेगरी के पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम उम्र 20 या 22 वर्ष (पद के अनुसार) और अधिकतम उम्र 37 वर्ष होनी चाहिए. वहीं महिलाओं, ओबीसी (OBC), एससी (SC) और एसटी (ST) वर्ग के उम्मीदवारों को बिहार सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम उम्र सीमा में विशेष छूट दी जाती है.

शारीरिक योग्यता है जरूरी

पुलिस सेवा का पद होने के कारण इसके लिए पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक मानदंड को पूरा करना भी अनिवार्य है:

पुरुष उम्मीदवारों के लिए

जनरल और ओबीसी कैटेगरी के पुरुषों के लिए न्यूनतम लंबाई 5 फीट 5 इंच होनी चाहिए और छाती (Chest) बिना फुलाए कम से कम 32 इंच होनी चाहिए.

महिला उम्मीदवारों के लिए

सभी वर्गों की महिला उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 5 फीट 2 इंच होनी चाहिए.

कैसा होता है एग्जाम पैटर्न?

प्रीलिम्स एग्जाम

यह पहला चरण होता है और यह सिर्फ क्वालिफाइंग होता है यानी इसके नंबर फाइनल मेरिट में नहीं जुड़ते. इसमें ऑब्जेक्टिव टाइप के सवाल पूछे जाते हैं, जिसमें मुख्य रूप से इतिहास, भूगोल, बिहार स्पेशल, साइंस और करेंट अफेयर्स से सवाल आते हैं. ध्यान रखें कि इसमें नेगेटिव मार्किंग भी होती है.

मेन्स एग्जाम

यह सबसे महत्वपूर्ण स्टेज है. इसमें आपको कॉपियों पर विस्तृत (Descriptive) उत्तर लिखने होते हैं. मेन्स में जनरल हिंदी (क्वालिफाइंग), जनरल स्टडीज (GS Paper 1 & GS Paper 2), निबंध और एक ऑप्शनल सब्जेक्ट की परीक्षा होती है. फाइनल मेरिट लिस्ट बनाने में मेन्स के मार्क्स ही सबसे ज्यादा मायने रखते हैं.

इंटरव्यू 

जो स्टूडेंट मेन्स परीक्षा पास करते हैं, उन्हें इंटरव्यू के लिए बुलाया जाता है. यहां आपके किताबी ज्ञान के साथ-साथ आपकी पर्सनैलिटी, फैसला लेने की क्षमता और मानसिक दबाव में काम करने की योग्यता को परखा जाता है.

तैयारी कैसे शुरू करें?

अगर आप घर बैठे इस परीक्षा की तैयारी करना चाहते हैं, तो सबसे पहले बीपीएससी की ऑफिशियल वेबसाइट से पूरा सिलेबस समझें. अपने बेसिक्स को मजबूत करने के लिए कक्षा 6 से 12वीं तक की एनसीईआरटी (NCERT) किताबों से शुरुआत करें, खासकर इतिहास और भूगोल के लिए. परीक्षा में बिहार के इतिहास, बजट और भूगोल से बहुत सारे सवाल आते हैं, इसलिए बिहार स्पेशल बुक्स पढ़ें और रोज अखबार पढ़ने की आदत डालें. मेन्स परीक्षा में सफलता पाने के लिए हर दिन कम से कम दो उत्तर लिखने (Answer Writing) की प्रैक्टिस जरूर करें.

यह भी पढ़ें- RBI में बिना एग्जाम नौकरी पाने का बड़ा मौका, हर महीने मिलेंगे 1.5 लाख रुपये, Apply करने की लास्ट डेट 6 जुलाई


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com