RPSC SI Exam 2026 : राजस्थान में सरकारी नौकरी की चाहत और उसके लिए किया गया संघर्ष केवल परीक्षा हॉल तक ही सीमित नहीं है, बल्कि परीक्षा के बाद घर लौटने की जद्दोजहद भी किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं रही. अजमेर में आयोजित सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा-2025 की दूसरी पारी खत्म होते ही कुछ ऐसी ही डरावनी तस्वीरें सामने आईं, जिन्होंने प्रशासनिक इंतजामों की पोल खोलकर रख दी.
बस स्टैंड पर बेकाबू हुए हालात
जैसे ही परीक्षा केंद्रों से अभ्यर्थी बाहर निकले, अजमेर रोडवेज बस स्टैंड पर युवाओं का सैलाब उमड़ पड़ा. हजारों की संख्या में अभ्यर्थी अपने गंतव्य की ओर निकलने के लिए बेताब थे, लेकिन बसों की कमी ने हालात को बेकाबू कर दिया. जैसे ही कोई बस स्टैंड पर पहुंचती, भीड़ उस पर टूट पड़ती.

बस स्टैंड का नजारा हैरान करने वाला था. अपनी जान की परवाह किए बिना अभ्यर्थी चलती बसों में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे. कोई बस की खिड़की के रास्ते अंदर घुसता दिखा, तो कोई गेट पर लटककर सफर करने को मजबूर था.
प्रशासन की तैयारी पर उठे सवालदूर-दराज के जिलों से आए अभ्यर्थियों को घंटों इंतजार करना पड़ा. मौके पर रोडवेज प्रशासन की न तो कोई ठोस निगरानी दिखी और न ही भीड़ को संभालने के लिए पर्याप्त स्टाफ. धक्का-मुक्की और अफरातफरी के बीच अभ्यर्थी बस यही मांग कर रहे थे कि भविष्य में ऐसी बड़ी परीक्षाओं के लिए विशेष बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए.

सरकारी नौकरी का सपना लेकर आए इन युवाओं का यह संघर्ष बताता है कि केवल परीक्षा कराना ही जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि अभ्यर्थियों को सुरक्षित घर तक पहुंचाना भी व्यवस्था का ही हिस्सा होना चाहिए.
यह भी पढ़ें - RPSC SI Exam 2026 LIVE UPDATES: पहली पारी संपन्न, अभ्यर्थियों के खिले चेहरे, बोले- सिलेबस से ही आया था पूरा पेपर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं