जम्मू में LoC के पास मिले पाकिस्तानी गुब्बारे, साथ में बंधे थे अमेरिकी डॉलर और पाकिस्तान के कई नोट

जम्मू-कश्मीर में भारत-पाक सीमा से सटे इलाके में पाकिस्तान गुब्बारे मिले हैं. इन गुब्बारों से पाकिस्तानी मुद्रा के साथ-साथ अमेरिकी डॉलर भी मिले. सुरक्षा बल मामले की जांच में लगे हैं.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
अखनूर में मिले पाकिस्तान गुब्बारे और विदेशी मुद्रा.
श्रीनगर:

जम्मू-कश्मीर के जिला अखनूर के खौर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत नीली नाला क्षेत्र के गुनारा गांव में दो संदिग्ध गुब्बारे मिले हैं, जिन पर पाकिस्तान से जुड़े निशान पाए गए. इन गुब्बारों पर पाकिस्तानी मोबाइल फोन नंबर छपा हुआ था और एक स्कैनर जैसी तस्वीर भी बनी थी. गुब्बारों के साथ कुछ पाकिस्तानी मुद्रा और अमेरिकी करेंसी नोट भी बरामद हुए. यह घटना सोमवार को सामने आई, जब स्थानीय क्षेत्र में खुले मैदान में ये गुब्बारे पड़े मिले. ग्रामीणों ने तुरंत खौर पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों गुब्बारों को अपने कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी. 

गुब्बारे के साथ मिले विदेशी मुद्रा से गंभीर दिख रहा मामला

सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की गहराई से पड़ताल कर रही हैं कि ये गुब्बारे कैसे और किस उद्देश्य से भारतीय क्षेत्र में पहुंचे. अधिकारियों के अनुसार, गुब्बारे पाकिस्तान से संबंधित लग रहे हैं, क्योंकि उन पर लिखे नंबर और चित्र पाकिस्तानी मूल के हैं. साथ ही मिली विदेशी मुद्रा ने जांच को और गंभीर बना दिया है. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि ये गुब्बारे ड्रोन या अन्य माध्यम से भेजे गए थे या हवा के रुख से बहकर आए.

पहले भी सीमाई इलाकों में कई बार मिले हैं पाक गुब्बारे

जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या इनमें कोई खतरनाक सामग्री या संदेश छिपा हुआ है. यह इलाका अंतरराष्ट्रीय सीमा के काफी नजदीक है, इसलिए सुरक्षा बल सतर्क हो गए हैं. पिछले कुछ समय में जम्मू-कश्मीर के विभिन्न सीमावर्ती इलाकों में पाकिस्तानी निशान वाले गुब्बारे मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जैसे पीआईए (पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस) लिखे गुब्बारे अखनूर, सांबा और अन्य क्षेत्रों में बरामद हुए थे. 

ऐसे मामलों में अक्सर जांच के बाद पता चलता है कि ज्यादातर गुब्बारे हानिरहित होते हैं, लेकिन सुरक्षा कारणों से हर घटना की गहन जांच की जाती है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अभी और जानकारी जुटा रही हैं. स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि अगर उन्हें कोई संदिग्ध वस्तु मिले तो तुरंत सूचना दें.

यह भी पढ़ें - राजस्थान के श्रीगंगानगर में भारत-पाक बॉर्डर के पास मिला संदिग्ध गुब्बारा, जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां

 

Featured Video Of The Day
Canada Firing News: कनाडा में Drugs कारोबरी Lavjeet Singh के घर Lawrence Gang ने करवाई Firing