- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि असम विधानसभा चुनाव में एनडीए 90 से अधिक सीटें जीतकर तीसरी बार सरकार बनाएगा
- शाह ने गुवाहाटी में मेगा रोड शो किया जो आर्य विद्यापीठ कॉलेज मैदान से शुरू होकर नेपाली मंदिर के पास समाप्त हुआ
- चुनाव आयोग के 9 अप्रैल को चुनाव तारीखें घोषित करने के बाद असम में सभी प्रमुख दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया
गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया है कि आगामी असम विधानसभा चुनावों में एनडीए 90 से अधिक सीटें जीतकर लगातार तीसरी बार राज्य में सरकार बनाएगा. उन्होंने यह बात गुवाहाटी में आयोजित एक मेगा रोड शो के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कही. अमित शाह ने असम विधानसभा चुनावों से पहले मतदाताओं को साधने के लिए गुवाहाटी में मेगा रोड शो किया. यह रोड शो आर्य विद्यापीठ कॉलेज मैदान से शुरू होकर शहर के प्रमुख इलाकों से गुजरते हुए नेपाली मंदिर के पास संपन्न हुआ.
ये भी पढ़ें : हिमंत बिस्वा सरमा के गढ़ में कांग्रेस ने उतारा युवा चेहरा, पहले ही चुनाव में मुख्यमंत्री को टक्कर देगी बिदिशा नियोग
असम में चुनाव प्रचार तेज
चुनाव आयोग द्वारा 9 अप्रैल को असम चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद राज्य के सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपने‑अपने चुनावी अभियान तेज कर दिए हैं. इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए के शीर्ष नेता भी राज्य में सक्रिय हो गए हैं. रोड शो के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “असम के लोग लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार को सत्ता में लाने के लिए उत्साहित हैं और हम आगामी विधानसभा चुनावों में 90 से अधिक सीटें जीतेंगे.”
ये भी पढ़ें ; असम के चाय बागानों में 'कमल' खिलने के आसार क्यों हैं? पढ़िए पूरी इनसाइड स्टोरी
दो दिवसीय दौरे पर शाह
गृह मंत्री ने इसके बाद भाजपा के राज्य मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में एक पार्टी बैठक में भी हिस्सा लिया. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, वह रविवार को ढेकियाजुली और तिहू में आयोजित होने वाले दो विजय संकल्प समारोहों को भी संबोधित करेंगे. अमित शाह असम के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जिसके दौरान वह राज्य के विभिन्न हिस्सों में चुनावी रैलियों में भाग लेंगे. विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही भाजपा के स्टार प्रचारकों ने पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और अभियान को धार देने के लिए राज्य का दौरा शुरू कर दिया है.














