"मैं तो सिर्फ 2 रोटी खाता हूं, फिर भी पेट क्यों निकल रहा है?" जानिए कहां हो रही है गलती

क्या आप भी सिर्फ 2 रोटी खाते हैं, फिर भी पेट और तोंद कम नहीं हो रही? इसकी वजह सिर्फ रोटी नहीं, बल्कि आपकी पूरी लाइफस्टाइल, फिजिकल एक्टिविटी, प्रोटीन इंटेक, नींद और रोजमर्रा की आदतें भी हो सकती हैं. जानिए पेट कम करने का सही तरीका.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
2 रोटी फिर भी तोंद?
NDTV

बढ़ता पेट और लटकती तोंद आज कई लोगों की सबसे बड़ी परेशानी बन चुकी है. इसे कम करने के लिए कोई जिम जॉइन करता है, कोई सुबह-शाम वॉक शुरू कर देता है, तो कई लोग सबसे पहले अपनी थाली छोटी कर देते हैं. जो पहले 5-6 रोटी खाते थे, वे खुद को 2 रोटी तक सीमित कर लेते हैं. लेकिन कई बार महीनों बाद भी पेट वैसा का वैसा ही रहता है. ऐसे में मन में सवाल आना बिल्कुल स्वाभाविक है, "मैं तो सिर्फ 2 रोटी खाता हूं, फिर भी पेट क्यों निकल रहा है?" अगर आपके मन में भी यही सवाल है, तो इसका जवाब सिर्फ रोटी की संख्या में नहीं, बल्कि आपकी पूरी लाइफस्टाइल में छिपा हो सकता है.

सिर्फ रोटी कम करने से पेट कम नहीं होता

बहुत से लोग मान लेते हैं कि पेट बढ़ने की सबसे बड़ी वजह रोटी है. इसलिए सबसे पहले रोटी कम कर देते हैं, लेकिन हकीकत ये है कि वजन और पेट बढ़ना सिर्फ इस बात पर निर्भर नहीं करता कि आप कितनी रोटी खाते हैं. बल्कि, पूरे दिन में शरीर कितनी कैलोरी ले रहा है और कितनी खर्च कर रहा है, यह ज्यादा अहम है.

अगर आप दो रोटी ही खाते हैं, लेकिन पूरा दिन कुर्सी पर बैठकर काम करते हैं और शरीर की एक्टिविटी बहुत कम है, तो कैलोरी खर्च नहीं हो पाएगी. ऐसी स्थिति में पेट की चर्बी कम होने की बजाय बढ़ भी सकती है. रोज कम से कम 30 से 45 मिनट की वॉक या दूसरी फिजिकल एक्टिविटी जरूरी मानी जाती है.

रोटी कम, लेकिन बाकी चीजें ज्यादा?

कई लोग रोटी तो दो कर देते हैं, लेकिन दिनभर चाय के साथ बिस्किट, नमकीन, मिठाई, कोल्ड ड्रिंक या तली हुई चीजें खाते रहते हैं. ऐसे में कुल कैलोरी पहले जितनी या उससे ज्यादा हो जाती है. इसलिए सिर्फ रोटी गिनने से फायदा नहीं होगा, पूरी डाइट पर ध्यान देना जरूरी है.

Advertisement

प्लेट में प्रोटीन कम है तो भी दिक्कत

अगर आपकी प्लेट में सिर्फ रोटी और सब्जी है, लेकिन दाल, दही, पनीर, अंडा या दूसरी प्रोटीन वाली चीजें कम हैं, तो जल्दी भूख लग सकती है. इससे बार-बार कुछ न कुछ खाने की आदत बन जाती है, जो वजन बढ़ाने का कारण बन सकती है.

यही नहीं, अगर रोज पर्याप्त नींद नहीं मिलती या तनाव लगातार बना रहता है, तो इसका असर शरीर के हार्मोन पर पड़ सकता है. कई रिसर्च बताती हैं कि ऐसी स्थिति में पेट के आसपास चर्बी जमा होने की संभावना बढ़ सकती है. इसलिए सिर्फ खाना कम करना काफी नहीं, अच्छी नींद और तनाव पर कंट्रोल भी उतना ही जरूरी है.

Advertisement

उम्र बढ़ने के साथ लाइफस्टाइल पर ध्यान देना जरूरी

जैसे जैसे उम्र बढ़ती है शरीर की कैलोरी खर्च करने की रफ्तार धीरे-धीरे कम होने लगती है. इसलिए पहले जितना खाना खाते थे, वही अब वजन बढ़ाने की वजह बन सकता है. ऐसे में सिर्फ रोटी कम करने की बजाय पूरी लाइफस्टाइल पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है.

तो अगर आप सच में पेट कम करना चाहते हैं, तो सिर्फ रोटी गिनना छोड़िए. संतुलित डाइट लें, प्रोटीन और फाइबर बढ़ाएं, रोज एक्टिव रहें, अच्छी नींद लें और बार-बार स्नैकिंग से बचें. याद रखिए, पेट सिर्फ दो रोटी से नहीं बढ़ता, बल्कि कई छोटी-छोटी आदतों का नतीजा होता है.

इसे भी पढ़ें: FIFA Final देखने जा रहे हैं? न्यूयॉर्क की ये 5 जगहें मिस न करें

Featured Video Of The Day
NDTV Indo Japan Summit 2026: मायो मुरासाकी ने हिंदी सीखने और यूट्यूबर बनने को लेकर किया बड़ा खुलासा
Topics mentioned in this article
Belly Fat
Weight Loss Tips
Belly Fat Loss
Weight Loss Mistakes
Fitness Tips