बारिश में टॉयलेट से निकल रहा है कनखजूरा? गलती से कान में घुस जाए तो भूलकर भी न करें ये गलती

बरसात के मौसम में टॉयलेट, बाथरूम और किचन के पास कनखजूरे दिखना आम हो जाता है, लेकिन क्या यह कान में घुस सकता है? जानिए बारिश में इनके घरों तक पहुंचने की वजह, बचाव के आसान उपाय और ऐसी स्थिति में क्या करना चाहिए,

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
कितना खतरनाक है कनखजूरा?
NDTV

बरसात शुरू होते ही कई घरों में एक डरावना मेहमान नजर आने लगता है, कनखजूरा. कभी यह टॉयलेट पॉट में दिखता है, तो कभी बाथरूम या किचन सिंक के पास रेंगता हुआ. कई बार फ्लश करने के बाद भी यह दोबारा बाहर आ जाता है, जिससे लोग घबरा जाते हैं. फर्श पर सोने वालों को यह चिंता सताने लगती है कि कहीं सोते समय कनखजूरा कान में न घुस जाए. आखिर बरसात में यह घरों में क्यों आने लगता है? अगर गलती से कान में घुस जाए तो क्या करना चाहिए? और इससे बचने के आसान तरीके क्या हैं? आइए जानते हैं- 

बारिश में ही क्यों बढ़ जाती है परेशानी?

बरसात में जमीन के अंदर पानी भरने और नमी बढ़ने से कनखजूरे अपने पुराने ठिकाने छोड़ देते हैं. सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में वे ड्रेन, सीवर लाइन और पाइपों के रास्ते घरों तक पहुंच जाते हैं. यही वजह है कि इन दिनों टॉयलेट, बाथरूम और किचन सिंक के आसपास इनके दिखने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. कनखजूरा काफी फुर्तीला जीव होता है.

कई बार वह पाइपलाइन या ड्रेन की दीवारों से चिपका रहता है. ऐसे में फ्लश का पानी निकल जाने के बाद वह फिर पॉट में दिखाई दे सकता है. अगर सीवर लाइन पुरानी हो या पाइप में दरार हो, तो यह परेशानी और बढ़ सकती है.

अगर कान में घुस जाए तो क्या करें?

  • अगर सोते समय या किसी और वजह से कान में कनखजूरा या कोई दूसरा कीड़ा घुसने का शक हो,
  • तो सबसे पहले घबराएं नहीं. ईयर बड्स, माचिस की तीली, पिन या उंगली डालकर उसे निकालने की कोशिश बिल्कुल न करें.
  • ऐसा करने से कीड़ा और अंदर जा सकता है और कान को नुकसान पहुंच सकता है.
  • अगर कीड़ा बाहर दिखाई दे रहा है, तो सिर को प्रभावित कान की तरफ झुकाकर शांत रहें और जितनी जल्दी हो सके ईएनटी डॉक्टर के पास पहुंचें. अगर तुरंत डॉक्टर तक पहुंचना संभव न हो, तो कुछ घरेलू उपायों में हल्का गुनगुना तेल या हल्का नमक मिला गुनगुना पानी डालने की बात कही जाती है.
  • माना जाता है कि इससे कीड़ा या कनखजूरा बाहर निकल सकता है. हालांकि यह हर मामले में काम करे, इसकी गारंटी नहीं है.
  • इसलिए इसे प्राथमिक इलाज नहीं मानना चाहिए और जितनी जल्दी हो सके ईएनटी डॉक्टर से जांच कराना सबसे सुरक्षित विकल्प है.

घर में बार-बार कनखजूरा दिखे तो क्या करें?

अगर घर में बार-बार कनखजूरे दिखाई दे रहे हैं, तो सबसे पहले बाथरूम और टॉयलेट को जितना हो सके सूखा रखने की कोशिश करें. इस्तेमाल के बाद फर्श पर लंबे समय तक पानी जमा न रहने दें और ड्रेन पर हमेशा कवर लगाकर रखें, ताकि कीड़े पाइपलाइन के रास्ते घर के अंदर न आ सकें. समय-समय पर ब्लीच, फिनाइल या दूसरे क्लीनर से ड्रेनेज की सफाई करते रहें.

Advertisement

अगर पाइपलाइन में दरार, लीकेज या सीवर से जुड़ी कोई दिक्कत है, तो उसे भी जल्द ठीक करा लें. इसके बावजूद अगर कनखजूरे बार-बार दिखाई दें, तो पेस्ट कंट्रोल करवाना सबसे बेहतर विकल्प हो सकता है.

बरसात में कनखजूरा दिखना हमेशा गंदगी की निशानी नहीं होता. इसकी सबसे बड़ी वजह नमी और ड्रेनेज सिस्टम हो सकते हैं. थोड़ी सी सावधानी अपनाकर इस परेशानी से काफी हद तक बचा जा सकता है. अगर गलती से कनखजूरा कान में घुस जाए, तो समय बर्बाद करने की बजाय सबसे पहले डॉक्टर के पास जाएं. घरेलू उपायों के बारे में तभी सोचें, जब तुरंत मेडिकल मदद मिलना संभव न हो.

Advertisement

इसे भी पढ़ें: कनखजूरा काट ले तो घबराएं नहीं, तुरंत करें ये काम! डॉक्टर से जानें क्या लगाना सही है और क्या गलत


Topics mentioned in this article
Centipede In House Indicate Good Bad Signs
Rainy Season Tips
Kankhajura In Ears
Kankhajura Bite Treatment