प्रोटीन से लेकर शुगर और फैट तक, किस फल में क्या है सबसे ज्यादा? जानिए हर फल का पोषण राज

Fruit Nutrition: फलों में भी प्रोटीन की मात्रा होती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि किस फल में सबसे ज्यादा प्रोटीन और किसमें सबसे ज्यादा शुगर या फैट होता है? आइए यहां जानते हैं.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
किस फल में कौन सा पोषक तत्व ज्यादा मात्रा में पाया जाता है.

Protein In Fruits: फल हमारी रोजमर्रा की डाइट का सबसे रंगीन और सेहतमंद हिस्सा होते हैं. हर फल अपने रंग, स्वाद और खुशबू के साथ-साथ पोषक तत्वों का खजाना भी साथ लाता है. कोई फल इम्यूनिटी बढ़ाता है, कोई दिल को हेल्दी रखता है तो कोई त्वचा को चमकदार बनाता है. यही वजह है कि डॉक्टर और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट रोजाना फल खाने की सलाह देते हैं. लेकिन, क्या आप जानते हैं कि किस फल में सबसे ज्यादा प्रोटीन, किसमें सबसे ज्यादा शुगर और किसमें ज्यादा फैट होता है? आइए आसान भाषा में समझते हैं कि अलग-अलग फलों में कौन सा पोषक तत्व ज्यादा मात्रा में पाया जाता है.

अमरूद फलों में प्रोटीन का अच्छा स्रोत

अमरूद को अक्सर गरीबों का सेब कहा जाता है, लेकिन पोषण के मामले में यह किसी से कम नहीं. अमरूद में अन्य फलों की तुलना में प्रोटीन ज्यादा होता है. सेब के मुकाबले इसमें लगभग तीन गुना ज्यादा प्रोटीन पाया जाता है. इसके अलावा इसमें विटामिन C भी भरपूर मात्रा में होता है, जो इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करता है. जो लोग शाकाहारी डाइट में हल्का प्रोटीन बढ़ाना चाहते हैं, उनके लिए अमरूद अच्छा विकल्प है.

अमरूद में विटामिन C भी भरपूर मात्रा में होता है, 

खजूर सबसे ज्यादा नेचुरल शुगर वाला फल

खजूर एनर्जी का पावरहाउस है. इसमें नेचुरल शुगर अन्य फलों की तुलना में ज्यादा होती है. यह तुरंत एनर्जी देने का काम करता है. साथ ही इसमें पोटेशियम, मैग्नीशियम, कॉपर और फाइबर भी पाए जाते हैं. हालांकि डायबिटीज के मरीजों को इसे सीमित मात्रा में खाना चाहिए.

एवोकाडो हेल्दी फैट का राजा

अगर बात फैट की हो तो एवोकाडो सबसे अलग है. इसमें अन्य फलों के मुकाबले सबसे ज्यादा फैट होता है. लेकिन यह मोनोअनसैचुरेटेड (हेल्दी) फैट होता है, जो दिल के लिए अच्छा माना जाता है. इसमें पोटेशियम और फोलेट भी भरपूर मात्रा में मिलते हैं. वजन बढ़ाने या हेल्दी फैट लेने वालों के लिए यह बढ़िया विकल्प है.

संतरा कैल्शियम और विटामिन C का स्रोत

संतरा सिर्फ खट्टा-मीठा स्वाद ही नहीं देता, बल्कि पोषण से भी भरपूर है. इसमें दूसरे फलों की तुलना में कैल्शियम ज्यादा पाया जाता है. साथ ही इसमें विटामिन C और फ्लेवोनॉयड्स होते हैं, जो त्वचा और इम्यूनिटी के लिए फायदेमंद हैं.

पपीता विटामिन A का खजाना

पपीता पाचन के लिए बेहद लाभकारी फल है. इसमें विटामिन A सबसे ज्यादा मात्रा में पाया जाता है. यह आंखों की रोशनी और त्वचा के लिए अच्छा होता है.

Advertisement

अनार एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर

अनार को दिल का दोस्त कहा जाता है. इसमें एंटीऑक्सीडेंट सबसे ज्यादा होते हैं. साथ ही इसमें प्रोटीन, विटामिन C, आयरन, कॉपर और फाइबर भी पाए जाते हैं. यह खून बढ़ाने और दिल को स्वस्थ रखने में मदद करता है.

Advertisement

आंवला विटामिन C का चैंपियन

आंवला आयुर्वेद में खास स्थान रखता है. इसमें विटामिन C बहुत ज्यादा मात्रा में होता है. साथ ही विटामिन A, पोटेशियम और कैल्शियम भी मिलते हैं. यह इम्यूनिटी मजबूत करने और बालों-त्वचा के लिए फायदेमंद है.

हर फल अपने आप में खास है. किसी में प्रोटीन ज्यादा है, किसी में शुगर, तो किसी में हेल्दी फैट. इसलिए एक ही फल पर निर्भर रहने के बजाय रोज अलग-अलग रंगों के फल खाने चाहिए. यही बैलेंस डाइट की असली कुंजी है.

Advertisement

(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

Featured Video Of The Day
Iran School Attacked | ईरान में स्कूल पर हमले में मौत का आंकड़ा बढ़ा | BREAKING | Iran Israel War