विज्ञापन
This Article is From Jun 10, 2013

प्रियंका चोपड़ा के पिता का कैंसर से निधन

प्रियंका चोपड़ा के पिता का कैंसर से निधन
प्रियंका के पिता अशोक चोपड़ा का कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में देहांत हो गया। अशोक चोपड़ा को कुछ साल पहले जिस कैंसर ने अपनी चपेट में लिया था, वह फिर से लौट आया था।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री तथा पूर्व मिस वर्ल्ड प्रियंका चोपड़ा के पिता डॉक्टर अशोक चोपड़ा का सोमवार दोपहर करीब 12.30 बजे निधन हो गया है। भारतीय सेना में डॉक्टर रहे अशोक चोपड़ा को कुछ साल पहले जिस कैंसर ने अपनी चपेट में लिया था, वह फिर से लौट आया था और वह पिछले दो सप्ताह से भी अधिक समय से मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती थे। पिता की बिगड़ती हालत के चलते प्रियंका ने मुक्केबाज मेरीकॉम के जीवन पर बन रही उमंग कुमार की फिल्म के लिए रिहर्सल भी रोक दिया था।

उल्लेखनीय है कि प्रियंका के पिता की 2005 में भी तबीयत खराब हुई थी। उस समय प्रियंका रोहन सिप्पी की फिल्म 'ब्लफमास्टर' की शूटिंग कर रही थीं। उस समय भी प्रियंका ने अपने दुख को जाहिर नहीं होने दिया था।

'पिग्गी चॉप्स' के नाम से मशहूर प्रियंका चोपड़ा को हमेशा से अपने पिता के बेहद करीब माना जाता रहा है, और यहां तक कि उन्होंने अपने ट्विटर एकाउंट पर दिए गए परिचय में स्वयं को 'डैडी'ज़ गर्ल' (पिता की बेटी) लिखा है। हाल ही में प्रियंका ने अस्पताल में अपने पिता के साथ खींची गई एक तस्वीर ट्विटर पर शेयर भी की थी, और उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए कुछ समय पूर्व घर पर पूजा का आयोजन भी किया था।

इसके अलावा, हाल ही में कनाडा के वेंकूवर शहर में हुए एक फिल्म पुरस्कार समारोह में भी प्रियंका अपने पिता के साथ गई थीं, जहां उन्हें रणबीर कपूर अभिनीत फिल्म 'बर्फी' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला था। उस समय प्रियंका ने डॉ अशोक चोपड़ा को मंच पर बुलाया था, और उन्होंने ही प्रियंका की ओर से वह पुरस्कार ग्रहण किया था।

(चित्र परिचय :  वेंकूवर में टोयफा अवॉर्ड्स में प्रियंका अपने पिता के साथ)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
प्रियंका चोपड़ा, अशोक चोपड़ा, प्रियंका चोपड़ा के पिता, प्रियंका चोपड़ा के पिता की मौत, Priyanka Chopra, Ashok Chopra, Priyanka Chopra's Father Dies, Ashok Chopra Dies
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com