यह ख़बर 24 सितंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

हर कोई 'बर्फी!' के लिए प्रार्थना करे : अनुराग बसु

खास बातें

  • जब से फिल्म 'बर्फी!' का ऑस्कर पुरस्कार के लिए भारतीय आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चयन हुआ है, तभी से निर्देशक अनुराग बसु के पास बधाई संदेशों का तांता लगा हुआ है। अनुराग का कहना है कि फिल्म को अभी लम्बा सफर तय करना है।
मुम्बई:

जब से फिल्म 'बर्फी!' का ऑस्कर पुरस्कार के लिए भारतीय आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चयन हुआ है, तभी से निर्देशक अनुराग बसु के पास बधाई संदेशों का तांता लगा हुआ है। अनुराग का कहना है कि फिल्म को अभी लम्बा सफर तय करना है।

बसु ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, "आप सभी का शुक्रिया!!! लेकिन अभी दिल्ली दूर है!! हमारे लिए प्रार्थना कीजिए।"

भारतीय फिल्म फेडरेशन (एफएफआई) ने शनिवार को 'बर्फी!' के ऑस्कर पुरस्कारों की सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म श्रेणी के लिए भारतीय आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुने जाने की घोषणा की। फिल्म में रणबीर कपूर, प्रियंका चोपड़ा और इलियाना डी क्रूज मुख्य किरदार में हैं।

'बर्फी!' का निर्देशन रोनी स्क्रूवाला और सिद्धार्थ रॉय ने संयुक्त रूप से किया है।

फिल्म में ऑटिस्टिक लड़की का किरदार निभाने वाली प्रियंका ने अपने ट्विटर अकाउंट पर पूरी टीम को बधाई दी है। वह इस वक्त अपनी अंतरराष्ट्रीय संगीत एल्बम के प्रदर्शित होने के सिलसिले में लास एंजेलिस में मौजूद हैं।

'बर्फी!' बॉक्स ऑफिस पर अभी तक 60 करोड़ से अधिक की कमाई कर चुकी है। फिल्म मर्फी नाम के एक मूक-बधिर लड़के की कहानी है, जिसकी झिलमिल (प्रियंका) और श्रुति (इलियाना) नाम की दो लड़कियों से दोस्ती होती है। मर्फी का किरदार रणबीर ने निभाया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

85वें ऑस्कर पुरस्कार समारोह के अगले वर्ष फरवरी में होने की उम्मीद है।