विज्ञापन

छठ पूजा 2026 कब है? जानिए नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य तक पूरा कैलेंडर

छठ पूजा कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से शुरू होकर सप्तमी तिथि तक मनाई जाती है. इस साल छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर, शुक्रवार से होगी और इसका समापन 16 नवंबर, सोमवार को होगा.

छठ पूजा 2026 कब है? जानिए नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य तक पूरा कैलेंडर
छठ पूजा कैलेंडर

देशभर में लोक आस्था का महापर्व छठ बड़ी ही धूमधाम के साथ मनाया जाता है. छठ पूजा की शुरुआत कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से होती है और इसका समापन सप्तमी तिथि पर होता है. चार दिनों तक चलने वाला महापर्व सूर्य देव और छठी मैया की पूजा के लिए समर्पित होता है. इस पर्व में माताएं अपनी संतान की लंबी उम्र और उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कठिन उपवास रखती हैं. इस साल छठ पूजा का पर्व 13 नवंबर से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा. यहां जानिए नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य तक पूरा कैलेंडर.

छठ पूजा 2026 कब है?

हिंदू पंचांग के अनुसार, छठ पूजा कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से शुरू होकर सप्तमी तिथि तक मनाई जाती है. इस साल छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर, शुक्रवार से होगी और इसका समापन 16 नवंबर, सोमवार को होगा. इस दौरान व्रती 36 घंटे का निर्जला उपवास रखते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य तथा संतान की मंगल कामना के लिए पूजा-अर्चना करते हैं.

  • 13 नवंबर 2026 (शुक्रवार) – नहाय-खाय
  • 14 नवंबर 2026 (शनिवार) – खरना
  • 15 नवंबर 2026 (रविवार) – संध्या अर्घ्य (डूबते सूर्य को अर्घ्य)
  • 16 नवंबर 2026 (सोमवार) – उषा अर्घ्य (उगते सूर्य को अर्घ्य) और व्रत का पारण

नहाय-खाय- 13 नवंबर, शुक्रवार

नहाय-खाय के साथ छठ पूजा की शुरुआत होती है. इस दिन व्रती सबसे पहले घर की अच्छी तरह सफाई करते हैं और छठ पर्व की तैयारियां शुरू करते हैं. सुबह स्नान किया जाता है, वहीं कई श्रद्धालु नदी या किसी पवित्र जलाशय में स्नान करना शुभ मानते हैं. इसके बाद शुद्ध और सात्विक भोजन बनाया जाता है. परंपरा के अनुसार इस दिन चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी का सेवन किया जाता है.

खरना- 14 नवंबर, शनिवार

छठ पूजा का दूसरा दिन खरना कहलाता है. इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और सूर्यास्त के बाद पूजा-अर्चना करने के बाद व्रत खोलते हैं. खरना के प्रसाद में आमतौर पर गुड़ की खीर और रोटी बनाई जाती है. कई घरों में ये प्रसाद मिट्टी के चूल्हे पर तैयार किया जाता है. इसके साथ ठेकुआ और अन्य पारंपरिक प्रसाद भी बनाए जाते हैं. शाम की पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं. इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है, जो संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य तक चलता है. इस दौरान व्रती न तो अन्न ग्रहण करते हैं और न ही पानी पीते हैं. यही छठ महापर्व की सबसे कठिन और महत्वपूर्ण साधना मानी जाती है.

संध्या अर्घ्य- 15 नवंबर, रविवार

छठ पूजा का तीसरा दिन सबसे महत्वपूर्ण दिनों में से एक माना जाता है. इस दिन श्रद्धालु नदी, तालाब और छठ घाटों पर एकत्र होकर डूबते हुए सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं. व्रती जल और दूध से सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं. साथ ही बांस के सूप या टोकरी में फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद सजाकर पूजा की जाती है. सूर्यास्त के समय सूर्य देव और छठी मैया की आराधना की जाती है.

उषा अर्घ्य- 16 नवंबर, सोमवार

छठ पूजा का चौथा और अंतिम दिन उषा अर्घ्य का होता है. इस दिन व्रती सूर्योदय से पहले घाटों पर पहुंच जाते हैं और उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं. इसे उषा अर्घ्य कहा जाता है और इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व का समापन होता है. पूजा और अर्घ्य देने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण कर अपना 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा करते हैं. इसके साथ ही छठ पूजा संपन्न हो जाती है.

यह भी पढ़ें:- शनि नक्षत्र गोचर का बड़ा असर, 96 दिन तक बरसेगी इन 4 राशियों पर शनि की कृपा

यह भी पढ़ें:- घर को महकाने के लिए एयर फ्रेशनर जेल कैसे बनाएं? Air Freshener Gel बनाने के आसान तरीके

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chhath Puja, Chhath Puja Ki Katha
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com