महापर्व यानी छठ पूजा रामायण और महाभारत के समय से चली आ रही है. इसे लोग बड़े ही धूमधाम से मनाते हैं. छठ पूजा की शुरुआत कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से होती है और इसका समापन सप्तमी तिथि पर होता है. चार दिनों तक चलने वाला महापर्व सूर्य देव और छठी मैया की पूजा के लिए समर्पित होता है. इस पर्व में माताएं अपनी संतान की लंबी उम्र और उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कठिन उपवास रखती हैं. इस साल छठ पूजा का पर्व 13 नवंबर से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा. चलिए आपको बताते हैं छठ पूजा को और कितने नामों से जाना जाता है.
छठ पूजा को किन-किन नामों से जाना जाता है?
छठ पूजा को भारत के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग नामों से जाना जाता है. सबसे आम नाम है छठ पूजा, लेकिन इसे छठी पूजा, डाला पूजा, छठ मईया पूजा, सूर्य षष्ठी, कार्तिक छठ, चैती छठ और रवि षष्ठी के नाम से भी जाना जाता है. इस पर्व में बांस से बने सूप और डाले का खास महत्व है, इसी वजह से इसे डाला छठ भी कहा जाता है.
छठ पूजा साल में कितनी बार होती है?
छठ पूजा साल में दो बार मनाई जाती है. पहली बार चैती छठ के रूप में, जो चैती महीने में आता है, और दूसरी बार कार्तिक महीने में, जिसे कार्तिक छठ कहते हैं. इसमें व्रतियों की श्रद्धा और समर्पण ही पूजा का मूल है. निर्जला उपवास, सूर्य को अर्घ्य देना और पवित्रता के नियमों का पालन भक्तों की भक्ति और संयम की परीक्षा है.

छठ पूजा कब है?
हिंदू पंचांग के अनुसार, छठ पूजा कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से शुरू होकर सप्तमी तिथि तक मनाई जाती है. इस साल छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर, शुक्रवार से होगी और इसका समापन 16 नवंबर, सोमवार को होगा. इस दौरान व्रती 36 घंटे का निर्जला उपवास रखते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य तथा संतान की मंगल कामना के लिए पूजा-अर्चना करते हैं.
- 13 नवंबर 2026 (शुक्रवार) – नहाय-खाय
- 14 नवंबर 2026 (शनिवार) – खरना
- 15 नवंबर 2026 (रविवार) – संध्या अर्घ्य (डूबते सूर्य को अर्घ्य)
- 16 नवंबर 2026 (सोमवार) – उषा अर्घ्य (उगते सूर्य को अर्घ्य) और व्रत का पारण
यह भी पढ़ें:- शनि नक्षत्र गोचर का बड़ा असर, 96 दिन तक बरसेगी इन 4 राशियों पर शनि की कृपा
यह भी पढ़ें:- घर को महकाने के लिए एयर फ्रेशनर जेल कैसे बनाएं? Air Freshener Gel बनाने के आसान तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं