विज्ञापन

बिना गोबर के गोवर्धन कैसे बनाएं? गोवर्धन जी बनाने का ये तरीके आएंगे काम

अगर आपको गोवर्धन बनाने के लिए गोबर नहीं मिल रहा है तो आप मिट्टी, पत्थर और गेहूं के आटे से भी गोवर्धन बना सकते हैं. यहां जानिए बिना गोबर के गोवर्धन जी कैसे बनाएं.

बिना गोबर के गोवर्धन कैसे बनाएं? गोवर्धन जी बनाने का ये तरीके आएंगे काम
बिना गोबर के गोवर्धन कैसे बनाएं?

दिवाली के बाद हर साल गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया जाता है. इस दिन भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गौ माता की पूजा करने की परंपरा है. आमतौर पर गोवर्धन पूजा पर गाय के गोबर के गोवर्धन पर्वत बनाया जाता है. इसके बाद उसे फूलों से सजाया जाता है. शुभ मुहूर्त में भगवान श्रीकृष्ण समेत सभी इष्ट देव की पूजा की जाती है. लेकिन कई लोगों को गाय का गोबर नहीं मिलता या फिर फ्लैट में रहने वाले लोगों के पास जगह नहीं होती. ऐसे में चलिए आपको बताते हैं बिना गोबर के गोवर्धन जी कैसे बनाएं.

पत्थर से गोवर्धन बनाएं

गोवर्धन पूजा के अवसर पर कई लोग गोबर से भगवान गोवर्धन का स्वरूप बनाते हैं, लेकिन अगर गोबर उपलब्ध न हो तो साधारण पत्थर का उपयोग करके भी बेहद सुंदर गिरिराज महाराज तैयार किए जा सकते हैं. यह आसान, साफ-सुथरा और रचनात्मक तरीका है, जिसे बच्चे और बड़े सभी आसानी से कर सकते हैं. यूट्यूब पर @SaiKhushiCreations नाम के चैनल पर एक वीडियो शेयर किया गया है. इस वीडियो में पत्थर से गोवर्धन बनाना बताया है. वीडियो के मुताबिक, गोवर्धन जी बनाने के लिए एक समतल और थोड़ा चौड़ा पत्थर लें.

अब सफेद रंग की मदद से सबसे पहले आंखों का आकार बनाएं. इसके बाद काले रंग से आंखों की पुतलियां बनाएं और चाहें तो नीले रंग का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. आंखों के ऊपर पीले रंग की बॉर्डर बनाकर उन्हें और सुंदर लुक लें. गिरिराज महाराज के माथे पर पीले और लाल रंग से तिलक बनाएं. इसके बाद लाल रंग की मदद से मुस्कुराते हुए होंठ बनाएं. पत्थर के आसपास फूल, पत्तियां या अन्य पारंपरिक डिजाइन बना सकते हैं. एक छोटे पीले या रंगीन कपड़े से गिरिराज महाराज की पगड़ी तैयार करें. कपड़े को मोड़कर पत्थर के ऊपर सेट करें.

चिकनी मिट्टी से बनाएं गोवर्धन

अगर आपको गोवर्धन बनाने के लिए गोबर नहीं मिल रहा है तो आप मिट्टी से भी गोवर्धन बना सकते हैं. साफ मिट्टी लेकर उसे पानी से गूंथ लें और बीच में ऊंचा और चारों तरफ फैला हुआ पर्वत जैसा आकार दें. इसके साथ ही मिट्टी से ही गोवर्धन महाराज, गाय और बछड़े की छोटी-छोटी आकृतियां भी बना सकते हैं.

गेंहू के आटे से बनाएं गोवर्धन

आप घर पर गेंहू के आटे से भी गोवर्धन बना सकते हैं. इसके लिए थोड़ा सा गेहूं का आटा लेकर उसे पानी से टाइट गूंथ लें. आटे से छोटा पहाड़ या भगवान गोवर्धन की प्रतीकात्मक आकृति बना लें. इसे रंगोली के रंगों या फूलों से सजाएं.

गोवर्धन पूजा क्यों मनाई जाती है?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गोवर्धन पूजा का संबंध भगवान श्रीकृष्ण की उस लीला से है, जिसमें उन्होंने ब्रजवासियों को देवराज इंद्र के प्रकोप से बचाया था. पौराणिक कथा के अनुसार, गोकुल और ब्रज के लोग अच्छी बारिश और सुख-समृद्धि के लिए भगवान इंद्र की पूजा करते थे. लेकिन भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें समझाया कि गोवर्धन पर्वत, प्रकृति और गौ माता का उनके जीवन में विशेष योगदान है. इसलिए उन्हें गोवर्धन पर्वत की पूजा करनी चाहिए. इस बात से देवराज इंद्र नाराज हो गए और उन्होंने ब्रज में मूसलाधार बारिश शुरू कर दी. लगातार बारिश से लोगों और पशुओं की जान पर संकट आ गया. तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया और सभी ब्रजवासियों को उसके नीचे शरण दी.

यह भी पढ़ें:- Govardhan Puja 2026: गोवर्धन पूजा में कितने फेरे लगाने चाहिए? जानें पूजन विधि, परिक्रमा के नियम और क्या चढ़ाएं 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Govardhan, Govardhan Puja
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com