भाईदूज का पर्व भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक माना जाता है. इस दिन बहनें अपने भाई को तिलक लगाकर उसकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं. कई घरों में तिलक के साथ भाई को सूखा नारियल यानी गोला भी दिया जाता है. ये सिर्फ एक उपहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के अटूट रिश्ते और एक विशेष वचन का प्रतीक माना जाता है. इसके पीछे यमराज और उनकी बहन यमुना से जुड़ी एक प्राचीन कथा प्रचलित है, जो भाईदूज के महत्व को और भी खास बना देती है. चलिए आपको बताते हैं भाईदूज पर भाई को गोला क्यों दिया जाता है?
बहनें अपने भाई को गोला क्यों देती हैं?
यूट्यूब पर @RouteTalesIndia नाम के चैनल पर एक वीडियो शेयर किया गया है. इस वीडियो में बताया कि भाईदूज पर गोला देने की परंपरा यमराज और यमुना से जुड़ा है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, यमुना अपने भाई यमराज को बार-बार अपने घर आने का निमंत्रण देती थीं लेकिन यमराज अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों में इतने व्यस्त रहते थे कि बहन से मिलने नहीं जा पाते थे. यमुना हर बार अपने भाई के आने की उम्मीद करती रहती थीं. एक दिन कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे. अपने भाई को सामने देखकर यमुना बेहद प्रसन्न हुईं. उन्होंने प्रेमपूर्वक यमराज का तिलक किया, भोजन कराया और उनका आदर-सत्कार किया.
बहन के प्रेम और सम्मान से प्रसन्न होकर यमराज ने यमुना से कहा कि वह जो चाहे वरदान मांग सकती हैं लेकिन यमुना ने न धन मांगा और न कोई वैभव. उन्होंने केवल ये इच्छा व्यक्त की कि उनके भाई हर साल इसी दिन उनसे मिलने आएं और भाई-बहन का प्रेम हमेशा बना रहे.
गोला देने की परंपरा कैसे शुरू हुई?
लोक प्रचलित कथा के अनुसार, यमुना ने विदाई के समय अपने भाई यमराज को सूखा नारियल यानी गोला भेंट किया था. माना जाता है कि यह गोला भाई-बहन के प्रेम और उस वचन की याद का प्रतीक था. यमुना चाहती थीं कि जब भी यमराज इस गोले को देखें, उन्हें अपनी बहन का स्नेह और प्रेम याद आए. इसी परंपरा के चलते आज भी कई परिवारों में भाईदूज के दिन बहनें अपने भाइयों को गोला भेंट करती हैं. इसे भाई की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और भाई-बहन के अटूट रिश्ते का शुभ प्रतीक माना जाता है.
यह भी पढ़ें:- छठ पूजा 2026 कब है? जानिए नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य तक पूरा कैलेंडर
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं