विज्ञापन

NEET के अलावा इन बड़ी परीक्षाओं में नहीं है कोई एज लिमिट, 90 साल का बुजुर्ग भी दे सकता है एग्जाम

Competitive Exams Which Have No Age Limit : देश में कई ऐसी प्रमुख परीक्षाएं हैं, जिनमें एज लिमिट नहीं रखी गई है. इसके चलते हर उम्र के उम्मीदवारों के लिए दरवाजे खुले रहते हैं. इनमें NEET, JEE Main और UGC NET सहित कई शामिल हैं.

NEET के अलावा इन बड़ी परीक्षाओं में नहीं है कोई एज लिमिट, 90 साल का बुजुर्ग भी दे सकता है एग्जाम
बुजुर्ग भी दे सकते हैं ये परीक्षाएं

Competitive Exams Which Have No Age Limit: भारत में कॉम्पिटिटिव एग्जाम्स को लेकर अक्सर यह माना जाता है कि एक तय उम्र के बाद अवसर खत्म हो जाते हैं. लेकिन यह पूरी तरह सही नहीं है. देश में कई ऐसी प्रमुख परीक्षाएं हैं, जिनमें एज लिमिट नहीं रखी गई है. इसके चलते हर उम्र के उम्मीदवारों के लिए दरवाजे खुले रहते हैं. यह उन लोगों के लिए खास मौका है, जो किसी दिक्कत के चलते पहले अपने करियर की दिशा तय नहीं कर पाए. ऐसे एग्जाम्स साबित करते हैं कि सीखने और आगे बढ़ने की कोई उम्र नहीं होती और इच्छाशक्ति के दम पर कभी भी नई शुरुआत की जा सकती है.

NEET UG : मेडिकल में उम्र की सीमा खत्म

मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए NEET UG एक प्रमुख परीक्षा है. पहले इसमें एज लिमिट थी, लेकिन अब नेशनल मेडिकल कमिशन (NMC) ने इसे हटा दिया है. इससे अब किसी भी उम्र के उम्मीदवार MBBS या BDS में प्रवेश के लिए परीक्षा दे सकते हैं.

JEE Main, Advanced और GATE : इंजीनियरिंग के लिए खुला रास्ता

इंजीनियरिंग में एडमिशन के लिए होने वाली JEE Main और JEE Advanced परीक्षाओं में भी कोई सख्त एज लिमिट निर्धारित नहीं है. हालांकि, इन परीक्षाओं में अटेम्प्ट्स की संख्या और दूसरी शर्तें लागू होती हैं, लेकिन उम्र को लेकर कोई बड़ी बाधा नहीं है.

इसके अलावा इंजीनियरिंग के मामले में GATE के लिए भी कोई एज लिमिट तय नहीं की गई है. इस कॉम्पिटिटिव एग्जाम के जरिए इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी में मास्टर्स या रिसर्च के अवसर मिलते हैं.

UGC NET : प्रोफेसर बनने का मौका हर उम्र में

UGC NET परीक्षा उन उम्मीदवारों के लिए होती है, जो असिस्टेंट प्रोफेसर या रिसर्च के क्षेत्र में जाना चाहते हैं. इसमें जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए एज लिमिट तय है. लेकिन असिस्टेंट प्रोफेसर बनने के लिए ऐसी कोई शर्त नहीं रखी गई है. यानी किसी भी उम्र में आप शिक्षण क्षेत्र में करियर शुरू कर सकते हैं.

CLAT PG : हायर एजुकेशन के लिए अवसर

CLAT PG कानून के क्षेत्र का एक प्रमुख एंट्रेंस एग्जाम है, जिसे किसी भी उम्र में दिया जा सकता है. इस परीक्षा के माध्यम से उम्मीदवार लॉ में पोस्ट ग्रेजुएशन (LLM) में एडमिशन ले सकते हैं और अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं.

CTET : शिक्षक बनने का मौका सभी के लिए

केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) में भी कोई एज लिमिट निर्धारित नहीं है. हालांकि, अलग-अलग राज्यों में शिक्षक भर्ती के दौरान एज लिमिट लागू हो सकती है, लेकिन CTET देने के लिए उम्र बीच में नहीं आती है. 

ये भी पढ़ें - CUET परीक्षा देने वाले छात्रों को बड़ी राहत, 7 मई तक खुल गई एग्जाम सेंटर बदलने की विंडो

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com