उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों के लिए प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (UP PET) का आयोजन हो रहा है. 25 अक्टूबर के बाद 30 अक्टूबर को दूसरे दिन परीक्षा हुई, इस दौरान लाखों अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और तमाम केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी किए गए. इसी दौरान झांसी में कुछ ऐसा हुआ, जिसने सभी को हैरान कर दिया. यहां एक अभ्यर्थी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से नकल करता हुआ पकड़ा गया, जिसे वो सैनेटरी पैड में छिपाकर लाया था. फिलहाल अभ्यर्थी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.
झांसी पुलिस ने दी जानकारी
झांसी पुलिस की तरफ से इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर दी गई है. जिसमें बताया गया, 30 अक्टूबर को जनपद झांसी में UPSSSC-PET की परीक्षा आयोजित हो रही थी. दूसरी पाली की 3 बजे से 5 बजे की परीक्षा के दौरान नेशनल हाफिज सिद्दीकी इंटर कॉलेज से सूचना प्राप्त हुई कि एक कक्ष में बैठे एक परीक्षार्थी के पास से कुछ सरसराहट जैसी आवाज आ रही है और चेक करने पर इसके पास से एक डिवाइस रिकवर हुई है.
सेनेटरी पैड में छिपाया था डिवाइस
पुलिस ने आगे बताया कि, "सूचना पर तत्काल सक्षम अधिकारीगण ने मौके पर पहुंचकर प्रकरण की जांच की तो ये साफ हुआ कि आकाश पटेल नाम का अभ्यर्थी जो जनपद प्रयागराज का निवासी है, इस सेंटर पर आज परीक्षा देने के लिए आया हुआ था और वो एक सेनेटरी पैड में डिवाइस को छुपाकर अपने अंतःवस्त्रों में रखते हुए उसे अंदर ले गया था और उसी के माध्यम से यह नकल कर रहा था इसी दौरान इनविजिलेटर को कमरे में कुछ सरसराहट जैसी आवाज महसूस हुई तो उन्होंने इस अभ्यर्थी को चेक किया. इसके कब्जे से सेनेटरी पैड में रखी हुई डिवाइस और अन्य वस्तुएं बरामद हुईं. नकल करने वाले अभ्यर्थी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है."
35 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी
यूपी पीईटी परीक्षा के लिए इस बार 35 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. परीक्षा 30 अक्टूबर के बाद अब 1 नवंबर को भी होनी है. इसके लिए रेलवे की तरफ से स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं, वहीं परिवहन विभाग कई एक्स्ट्रा बसें भी चला रहा है.
यह भी पढ़ें | राजनीतिक विचारधारा या विरोध प्रदर्शन से नहीं छिनेगी सरकारी नौकरी, यूपी सरकार ने किया साफ
यह भी पढ़ें | 22 की उम्र में क्रैक किया UPSC, अब नोएडा में DCP; कौन हैं IPS प्रीति यादव?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं