विज्ञापन

UPSC का मतलब है सब्र का इम्तिहान, रिजल्ट के बाद ऐसे करें खुद को री-स्टार्ट

UPSC Re-start Strategy: UPSC प्रीलिम्स रिजल्ट 2026 का इंतजार कर रहे लाखों कैंडिडेट्स के लिए के जयगणेश, सौरभ पांडे, राम्या सीएस और आकृति सेठी जैसे कई ऑफिसर की कहानी एक मैसेज की तरह है कि आखिरी अटेम्प्ट में भी यह एग्जाम कैसे क्रैक किया जाता है.

UPSC का मतलब है सब्र का इम्तिहान, रिजल्ट के बाद ऐसे करें खुद को री-स्टार्ट
UPSC में फेल होने का मतलब हार मान लेना नहीं

UPSC Re-start Strategy: UPSC की परीक्षा देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में गिनी जाती है. हर साल लाखों युवा बड़े सपने लेकर इस एग्जाम में बैठते हैं, लेकिन मंजिल तक बहुत कम लोग पहुंच पाते हैं. UPSC Prelims 2026 का रिजल्ट आने वाला है और लाखों उम्मीदवारों की नजरें उस लिस्ट पर टिकी हैं. ऐसे में कई लोगों के मन में डर भी है कि अगर इस बार नाम नहीं आया तो आगे क्या होगा. लेकिन एक बात हमेशा याद रखनी चाहिए कि किसी एक रिजल्ट से आपकी पूरी जिंदगी तय नहीं होती. कई सफल अफसर ऐसे रहे हैं जिन्होंने बार-बार असफलता देखी, लेकिन हार नहीं मानी और आखिरकार अपनी मंजिल हासिल की.

रिजल्ट खराब आया, तो क्या करें?

UPSC कोई सामान्य परीक्षा नहीं है. इसमें लाखों उम्मीदवार शामिल होते हैं, जबकि सीटें बहुत कम होती हैं. ऐसे में बड़ी संख्या में उम्मीदवार बाहर हो जाते हैं. इसका मतलब ये नहीं है कि जो चयनित नहीं हुए, उनमें योग्यता की कमी है. कई बार कुछ अंकों का अंतर, गलत रणनीति या परीक्षा के दिन का प्रदर्शन भी परिणाम बदल देता है. इसलिए रिजल्ट देखने के बाद खुद की तुलना दूसरों से करने के बजाय अपने सफर और अपनी सीख पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है.

रिजल्ट के बाद फिर से शुरुआत करने के 5 आसान तरीके

1. रिजल्ट को मान लें

अगर रिजल्ट अच्छा नहीं आया, तो परेशान होना ठीक है. लेकिन खुद को अकेला न करें. थोड़ा आराम करें और फिर आगे की सोचें.

2. अपनी तैयारी को समझें

देखें कि कहां कमी रह गई. मॉक टेस्ट, करंट अफेयर्स या समय का सही इस्तेमाल, किस चीज में सुधार की जरूरत है, उस पर ध्यान दें.

3. सोशल मीडिया कम देखें

दूसरों की सफलता देखकर खुद को कम मत समझिए. कुछ दिन सिर्फ अपने लक्ष्य और अपनी तैयारी पर ध्यान दें.

4. दूसरा रास्ता भी रखें

UPSC के साथ दूसरी परीक्षाओं, नौकरी या नई स्किल्स के बारे में भी सोचें. इससे मन मजबूत रहता है.

5. खुद पर भरोसा रखें

हर साल बहुत से उम्मीदवार सफल नहीं हो पाते. कई अफसर भी कई बार असफल हुए थे, लेकिन उन्होंने कोशिश नहीं छोड़ी और आखिरकार सफल हुए.

आखिरी अटेम्प्ट में UPSC क्लियर करने वाले ऑफिसर

के. जयगणेश

तमिलनाडु के एक छोटे से गांव से आने वाले के. जयगणेश उन लोगों के लिए मिसाल हैं, जो एक-दो बार असफल होने के बाद हिम्मत हार जाते हैं. वे लगातार 6 बार UPSC में सफल नहीं हो पाए. कभी प्रीलिम्स में रुक गए तो कभी इंटरव्यू तक पहुंचकर बाहर हो गए. पढ़ाई का खर्च चलाने के लिए उन्हें होटल में वेटर की नौकरी भी करनी पड़ी. लेकिन उन्होंने कोशिश नहीं छोड़ी. आखिरकार 7वें और आखिरी प्रयास में उन्होंने AIR 156 हासिल कर अफसर बनने का सपना पूरा किया.

राम्या सीएस

तमिलनाडु के कोयम्बटूर की राम्या सीएस ने UPSC की तैयारी के लिए अपनी नौकरी छोड़ दी थी. कई प्रयासों में सफलता नहीं मिली और आर्थिक परेशानी भी सामने आई. ऐसे समय में उन्होंने डेटा एंट्री और दूसरी छोटी नौकरियां कीं, लेकिन पढ़ाई जारी रखी. उनकी मेहनत रंग लाई और छठे प्रयास में उन्होंने AIR 46 हासिल कर सफलता पाई.

सौरभ पांडे

उत्तर प्रदेश के वाराणसी के सौरभ पांडे 5 बार असफल होने के बाद काफी निराश हो गए थे. वे तैयारी छोड़ने का मन बना चुके थे. लेकिन परिवार और दोस्तों ने उनका हौसला बढ़ाया. उन्होंने एक बार फिर पूरी मेहनत से तैयारी की और अपने छठे व आखिरी प्रयास में AIR 66 हासिल कर ली.

आलोक रंजन

बिहार के नवादा के आलोक रंजन ने ठान लिया था कि IAS बनने से पहले घर नहीं लौटेंगे. वे लगातार 6 बार सफल नहीं हो पाए, लेकिन उनका हौसला नहीं टूटा. आखिरकार 7वें प्रयास में उन्होंने AIR 346 हासिल की और अपना सपना पूरा किया.

आकृति सेठी और प्रियंका गोयल

हरियाणा की आकृति सेठी एक बार सिर्फ दो नंबर से इंटरव्यू तक पहुंचने से चूक गई थीं. इसके बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और कई प्रयासों के बाद IAS अधिकारी बनीं. वहीं दिल्ली की प्रियंका गोयल भी कई बार प्रीलिम्स और मेन्स में सफल नहीं हो पाईं. लेकिन अपने छठे और आखिरी प्रयास में उन्होंने AIR 369 हासिल कर सफलता की कहानी लिख दी.

असली जीत हार मानने में नहीं, दोबारा उठने में है

UPSC का रिजल्ट आपके प्रयासों का एक पड़ाव है, पूरी कहानी नहीं. अगर इस बार सफलता नहीं मिली तो खुद को खत्म हुआ न समझें. इतिहास गवाह है कि कई उम्मीदवारों ने आखिरी प्रयास तक संघर्ष किया और फिर सफलता हासिल की. इसलिए रिजल्ट चाहे जैसा भी हो, खुद पर भरोसा बनाए रखें और नई शुरुआत के लिए तैयार रहें. कई बार मंजिल उन्हीं को मिलती है जो सबसे ज्यादा बार गिरकर भी दोबारा खड़े होते हैं.

अरविंद केजरीवाल ने किस IIT से की है पढ़ाई? इस ब्रांच में लिया था एडमिशन

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UPSC, UPSC Success Story, Upsc Result 2026, UPSC Prelims Result 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com