UP BORAD Result 2026 : यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के बाद अब कॉपियों की चेकिंग का काम शुरू होने वाला है. लेकिन इस बार बोर्ड ने एक 'सुपरफास्ट' प्लान तैयार किया है. बोर्ड ने फैसला किया है कि अब परीक्षकों द्वारा दिए गए नंबरों को सीधे ऑनलाइन पोर्टल पर फीड किया जाएगा. इसके लिए आउटसोर्स कंप्यूटर ऑपरेटर्स की मदद ली जाएगी.
यह भी पढ़ें- South India Education Model: दक्षिण भारत के एजुकेशन मॉडल की क्या हैं खास बातें, जानिए यहां
क्या है बोर्ड का नया 'पायलट प्रोजेक्ट'?
आपको बता दें कि अभी तक टीचर कॉपी चेक करते थे, फिर नंबरों को कागजों (अवार्ड ब्लैंक) पर लिखते थे. ये कागज क्षेत्रीय कार्यालयों और फिर रिजल्ट बनाने वाली एजेंसी के पास जाते थे. इस लंबी प्रक्रिया में काफी समय बर्बाद होता था और गलतियों की गुंजाइश भी रहती थी.
लेकिन 2026 की परीक्षा के लिए बोर्ड ने एक नया प्रयोग शुरू किया है. शुरुआत में उत्तर प्रदेश के 5 जिलों में ( प्रयागराज, मेरठ, बरेली, वाराणसी एवं गोरखपुर) इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू किया जा रहा है. यहां टीचर जैसे ही कॉपी चेक करेंगे, कंप्यूटर ऑपरेटर उन नंबरों को तुरंत बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर देंगे.
15 दिन पहले आ सकता है रिजल्ट
इस डिजिटल सिस्टम का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि रिजल्ट तैयार करने में लगने वाला समय बहुत कम हो जाएगा. बोर्ड का मानना है कि इस नई व्यवस्था से रिजल्ट कम से कम 15 दिन पहले घोषित किया जा सकेगा. पहले की व्यवस्था में कागजों के इधर-उधर जाने और डेटा एंट्री में जो हफ्तों का समय लगता था, अब वो घंटों में सिमट जाएगा.
स्टूडेंट्स को क्या होगा फायदा?
- रिजल्ट जल्दी आने से छात्र आगे की पढ़ाई या कॉलेजों में एडमिशन की प्लानिंग समय पर कर पाएंगे.
- सीधे पोर्टल पर फीडिंग होने से नंबरों के चढ़ाने में होने वाली मैन्युअल एरर (Errors) कम होंगी.
- पूरी प्रक्रिया डिजिटल होने से सिस्टम में ज्यादा पारदर्शिता आएगी.
यूपी बोर्ड ने पहले प्रैक्टिकल परीक्षाओं के नंबर ऑनलाइन अपलोड करके इसका सफल ट्रायल कर लिया है. अगर इस साल 5 जिलों में यह प्रयोग सफल रहता है, तो 2027 से पूरे उत्तर प्रदेश के सभी मूल्यांकन केंद्रों पर कॉपियों के नंबर इसी तरह ऑनलाइन चढ़ाए जाएंगे. फिलहाल, बोर्ड सुरक्षा के लिहाज से पुरानी कागजी व्यवस्था (Backup) को भी साथ रखेगा ताकि कोई तकनीकी दिक्कत आने पर काम न रुके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं