राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) एक बार फिर UGC NET 2026 परीक्षा को लेकर विवादों में घिर गई है. इस बार विवाद इंग्लिश पेपर में बड़ी संख्या में प्रश्न दोहराए जाने के आरोपों से जुड़ा है. सोशल मीडिया पर छात्र लिख रहे हैं कि Paper-II के 150 में से 67 प्रश्न UGC NET 2024 परीक्षा से हूबहू दोहराए गए, यहां तक कि कई प्रश्नों के विकल्पों का क्रम भी समान बताया जा रहा है.
छात्र क्या आरोप लगा रहे हैं
उम्मीदवारों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में पुराने प्रश्नों का दोहराया जाना राष्ट्रीय स्तर की पात्रता परीक्षा की गुणवत्ता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है.
NTA का क्या कहना है
NTA की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया या स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है. कुछ मीडिया रिपोर्टों में यह कहा गया है कि एजेंसी के पास फिलहाल कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है.
केवल इंग्लिश ही नहीं, अन्य पेपर भी चर्चा में
इंग्लिश पेपर के अलावा समाजशास्त्र (Sociology) और मनोविज्ञान (Psychology) के प्रश्नपत्रों को लेकर भी छात्रों ने आपत्तियां जताई हैं. अभ्यर्थियों ने स्पेलिंग मिस्टेक, खराब अनुवाद, विद्वानों के नामों में त्रुटियां और सिलेबस से बाहर के सवाल पूछे जाने जैसे आरोप सोशल मीडिया पर लगाए हैं.
NTA ने क्या कहा
NDTV से बातचीत में NTA के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि छात्रों को केवल सोशल मीडिया पर शिकायत करने के बजाय औपचारिक रूप से प्रश्नों को चुनौती (Challenge) देनी चाहिए. अधिकारी के अनुसार, यदि छात्रों की आपत्तियां सही पाई जाती हैं तो एजेंसी उनकी जांच करेगी. उन्होंने Re-NEET 2026 का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी हजारों आपत्तियां मिली थीं और एक वैध आपत्ति मिलने पर संबंधित प्रश्न वापस लिया गया था.
NTA अधिकारी ने यह भी कहा कि प्रश्नों का दोहराया जाना असामान्य नहीं है. टाइपोग्राफिकल (स्पेलिंग) त्रुटियां भी कभी-कभी हो सकती हैं. विषय विशेषज्ञ प्रश्न तैयार करते हैं और छात्रों की सभी वैध आपत्तियों की समीक्षा की जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं