NEET-JEE Low Score Career Options: हर साल लाखों छात्र डॉक्टर या इंजीनियर बनने के लिए नीट और जेईई की परीक्षाओं में बैठते हैं. कॉम्पीटिशन इतना कड़ा है कि सिर्फ कुछ अंकों के अंतर से मनचाहा सरकारी कॉलेज या MBBS-BTech (CSE) की सीट हाथ से निकल जाती है. ऐसे में कई छात्र डिप्रेशन में आ जाते हैं या फिर एक साल का लंबा ड्रॉप लेने का प्रेशर फील करने लगते हैं. अगर आपके साथ भी ऐसा ही है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. एक कम स्कोर आपके करियर का अंत नहीं है. आज के समय में मेडिकल और टेक्नोलॉजी सेक्टर में ऐसे ढेरों ऑप्शन मौजूद हैं, जो न सिर्फ बेहतरीन करियर देते हैं, बल्कि डॉक्टर और टॉप इंजीनियर बनने का आपका सपना भी पूरा कर सकते हैं. आइए जानते हैं उन 10 कोर्सेज और बेस्ट कॉलेजों के बारे में, जहां आप कम नीट या जेईई स्कोर या बिना इसके भी शानदार करियर बना सकते हैं.
NEET में कम स्कोर है, तो ये 5 मेडिकल कोर्सेज हैं बेस्ट ऑप्शन
1. आयुष कोर्सेज (AYUSH)
अगर आपका नीट स्कोर कम है, तो आप इंडियन मेडिकल सिस्टम (BAMS, BHMS, BUMS, BSMS) की ओर जा सकते हैं. इनकी कटऑफ MBBS से काफी कम होती है, लेकिन आज के समय में इनकी डिमांड तेजी से बढ़ रही है. BAMS (आयुर्वेदिक) प्राचीन और आधुनिक चिकित्सा का मेल है. लोग अब हर्बल और प्राकृतिक इलाज पर ज्यादा भरोसा कर रहे हैं. BHMS (होम्योपैथिक) होलिस्टिक मेडिकल सिस्टम (Holistic Medicine) है, जो बॉडी की नेचुरल हीलिंग पावर को बढ़ाती है. इन कोर्स का ड्यूरेशन 5.5 साल तक हो सकती है, जिसमें 1 साल की इंटर्नशिप भी शामिल है. इसका शुरुआती पैकेज 4 लाख से 7 लाख रुपए सालाना हो सकता है.
2. बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी (BPT)
फिजियोथेरेपी एक काफी डिमांड में रहने वाला मेडिकल प्रोफेशन है. एक रजिस्टर्ड फिजियोथेरेपिस्ट भी अपने नाम के आगे 'डॉक्टर' लिख सकता है. ये कोर्स शारीरिक कमियों, खेल की चोटों और हड्डियों-मांसपेशियों के दर्द को ठीक करने से जुड़ा है. यह 4.5 साल का कोर्स है, जिसमें इंटर्नशिप भी शामिल है. इस कोर्स को करने के बाद हॉस्पिटल, स्पोर्ट्स टीम, जिम में करियर स्कोप है. इसके अलावा खुद का क्लीनिक भी खोल सकते हैं. सैलरी पैकेज 2 लाख से 20 लाख सालाना हो सकता है, जो एक्सपीरिएंस के आधार पर बढ़ता जाता है.
3. वेटरनरी साइंस (BVSc & AH)
अगर आपको बेजुबान जानवरों और बायोलॉजी (Biology) से लगाव है, तो ये फील्ड आपके लिए गोल्ड माइंस जैसी है. पशु डॉक्टरों की मांग सरकारी विभागों, डेयरी फार्मों, पेट क्लीनिक और रिसर्च ऑर्गनाइजेशन में बहुत ज्यादा है. इसमें कॉम्पीटिशन कम है और करियर सिक्योरिटी बहुत ज्यादा है.
4. बीएससी नर्सिंग (B.Sc Nursing)
हेल्थकेयर सिस्टम की रीढ़ की हड्डी नर्सिंग स्टाफ ही होता है. बीएचयू (BHU) और जिपमेर (JIPMER) जैसे देश के टॉप संस्थान भी नीट स्कोर के आधार पर इसमें एडमिशन देते हैं और इसकी कटऑफ काफी कम रहती है. इसके अलावा 12वीं के बाद ANM (2 साल) और GNM (3 से 3.5 साल) जैसे कोर्सेज भी किए जा सकते हैं.
5. अलाइड हेल्थ साइंसेज और पैरामेडिकल कोर्सेज
डॉक्टरों को इलाज करने के लिए जिन रिपोर्ट्स और तकनीकी सहायता की जरूरत होती है, वे सब पैरामेडिकल स्टाफ तैयार करता है. इनमें से कई कोर्सेज में डायरेक्ट 12वीं के नंबरों पर या कॉलेज लेवल टेस्ट से एडमिशन मिल जाता है.
ये कोर्स भी माने जाते हैं बेस्ट
MLT (B.Sc Medical Lab Technology)- लैब में टेस्ट और डायग्नोसिस करना
B.Sc रेडियोग्राफी और रेडियोलॉजी- एक्स-रे, सीटी स्कैन और MRI करना
B.Sc ऑपरेशन थियेटर टेक्नोलॉजी (OTT)- सर्जरी के समय डॉक्टरों की मदद करना
नीट में कम स्कोर में एडमिशन देने वाले टॉप कॉलेज-यूनिवर्सिटी
- डॉ. डीवाई पाटिल विद्यापीठ, पुणे
- जामिया हमदर्द, नई दिल्ली
- एमिटी यूनिवर्सिटी
- सिम्बायोसिस इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ साइंसेज, पुणे
- अपोलो यूनिवर्सिटी, चित्तूर
- IHS भुवनेश्वर
- कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, KIMS भुवनेश्वर
- लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU)
- शारदा यूनिवर्सिटी, ग्रेटर नोएडा
- क्वांटम यूनिवर्सिटी, रुड़की
- रामा यूनिवर्सिटी, कानपुर
JEE में कम स्कोर है तो ये 5 कोर्सेज बचाएंगे आपका साल
1. कंप्यूटर साइंस
अगर आपकी जेईई रैंक कम है, तो देश की कई बड़ी प्राइवेट यूनिवर्सिटीज डायरेक्ट या अपने टेस्ट के जरिए इन लेटेस्ट तकनीकों में बीटेक (B.Tech) करने का मौका देती हैं. आज के समय में कोडिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्लाउड कंप्यूटिंग के जानकारों की काफी डिमांड है.
2. बीटेक इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन (ECE)
यह एक एवरग्रीन ब्रांच है. इसे लेकर आप न सिर्फ कोर इलेक्ट्रॉनिक्स और चिप-डिजाइनिंग कंपनियों में जा सकते हैं, बल्कि आईटी (IT) और सॉफ्टवेयर कंपनियों में भी आसानी से जॉब पा सकते हैं.
3. सरकारी कॉलेजों में सिविल या मैकेनिकल इंजीनियरिंग
कई राज्यों की स्टेट काउंसलिंग जैसे यूपी, बिहार, मध्यप्रदेश में कम जेईई स्कोर होने पर भी सरकारी या सेमी-गवर्नमेंट कॉलेजों में सिविल या मैकेनिकल जैसी कोर ब्रांचेज मिल जाती हैं. अगर आप सरकारी नौकरी जैसे SSC JE, रेलवे या PWD में जाना चाहते हैं, तो ये बेहतरीन विकल्प हो सकता है.
4. बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (BCA)
अगर आपका बजट बीटेक करने का नहीं है या आप 4 साल नहीं लगाना चाहते, तो सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और आईटी सेक्टर में एंट्री करने का सबसे डायरेक्ट 3 साल का कोर्स है. इसके बाद MCA करके आप बीटेक के बराबर का पैकेज पा सकते हैं.
5. साइबर सुरक्षा और डिजिटल फॉरेंसिक
जैसे-जैसे इंटरनेट और ऑनलाइन फ्रॉड बढ़ रहे हैं, कंपनियों और सरकारों को अपनी डेटा सुरक्षा (Cyber Security) के लिए एक्सपर्ट्स की जरूरत पड़ रही है. इस फील्ड में स्पेशलाइजेशन करने वाले युवाओं को कंपनियां हाथों-हाथ लेती हैं.
जेईई में कम स्कोर में एडमिशन देने वाले टॉप कॉलेज-यूनिवर्सिटी
- NIT रायपुर
- NIT गोवा
- NIT पुडुचेरी
- NIT मेघालय
- NIT हमीरपुर
- IIIT कोट्टायम
- IIIT तिरुचिरापल्ली
- IIIT धारवाड़
- BITS पिलानी
- VIT वेल्लोर
- SRM यूनिवर्सिटी (चेन्नई)
- लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU)
- सिम्बायोसिस (पुणे)
- निरमा यूनिवर्सिटी (अहमदाबाद)
- UPES देहरादून
- जामिया मिलिया इस्लामिया (दिल्ली)
- अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU)
- IP यूनिवर्सिटी (दिल्ली
ये भी पढ़ें - सावरकर की एंट्री और हिटलर गायब, NCERT की किताब में विभाजन पर बदला गया कांग्रेस का रुख
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं