Rajasthan Board 10th Result Toppers: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की तरफ से 10वीं के साथ-साथ 5वीं और 8वीं का रिजल्ट जारी किया गया है. इस बार 10वीं का पासिंग पर्सेंटेज कुल 94.23% रहा. हर बार की तरह राजस्थान में इस बार भी लड़कियों ने बाजी मारी है. लड़कों का पास प्रतिशत 93.63% रहा, जबकि लड़कियों का रिजल्ट 94.90% रहा. इस बार के टॉपर्स की लिस्ट में भी लड़कियों के ही नाम सामने आ रहे हैं. अब तक जिन टॉपर्स का नाम सामने आया है, उनमें सभी लड़कियां हैं. आइए जानते हैं कि राजस्थान बोर्ड परीक्षा में किन लड़कियों ने सबसे ज्यादा नंबर लाकर टॉप किया है.
सीकर की सिम्स ने रचा इतिहास
सीकर जिले के रींगस शहर की सेंट्रल चिल्ड्रन एकेडमी उच्च माध्यमिक विद्यालय की कक्षा 10 की छात्रा सिम्स निठारवाल ने इतिहास रचते हुए शहर और जिले का नाम रोशन किया है. सिम्स निठारवाल ने 600 में से 595 अंक प्राप्त करके पूरे प्रदेश भर में तीसरा और जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है. अंग्रेजी और गणित विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए हैं. सिम्स निठारवाल ने एनडीटीवी से बात करते हुए बताया कि मैं इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और विद्यालय परिवार को देती हूं , मैं आगे चलकर आईएएस बनना चाहती हूं .
भरतपुर से निकली टॉपर
राजस्थान बोर्ड में टॉपर्स के नाम सामने आ रहे हैं. भरतपुर के ग्रीश रिसोर्ट स्थित सोनी एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल भरतपुर की छात्रा वंदना कुमारी ने 10वीं की परीक्षा में 99.33% अंक हासिल कर जिले का किया नाम रोशन किया है. वंदना की इस उपलब्धि से स्कूल और परिवार में खुशी का माहौल है. राजस्थान बोर्ड की टॉपर वंदना ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया है. उनका कहना है कि उन्होंने नियमित पढ़ाई और मेहनत से यह मुकाम हासिल किया.
चितलवाना की चंद्रिका बिश्नोई ने भी किया टॉप
राजस्थान के चितलवाना की छात्रा चंद्रिका बिश्नोई ने 10वीं बोर्ड में 99% अंक हासिल कर राज्य मेरिट सूची में अपनी जगह बनाई है. सनराइज पब्लिक स्कूल, सिवाड़ा की छात्रा ने पूरे इलाके का नाम रोशन किया है. उनके इस रिजल्ट के बाद पररिवार, स्कूल स्टाफ और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है.
सीकर की चेष्टा शर्मा भी बनीं टॉपर
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड दसवीं रिजल्ट में सीकर के प्रिंस स्कूल ने एक बार फिर परचम लहराया है. सीकर की प्रिंस स्कूल की चेष्टा शर्मा ने 99.00% अंक हासिल किए हैं. चेष्टा शर्मा के शानदार प्रदर्शन के बाद स्कूल में जश्न का माहौल है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं