विज्ञापन

'दोषी केरल का हो या सीकर का, अब नहीं बच पाएगा'- NEET परीक्षा रद्द होने पर बोले मंत्री किरोड़ी लाल मीणा

राजस्थान के मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा है कि सरकार की तत्परता की वजह से योग्य छात्रों को परेशानी होगी लेकिन उनका भविष्य सुरक्षित हेो गया.

'दोषी केरल का हो या सीकर का, अब नहीं बच पाएगा'- NEET परीक्षा रद्द होने पर बोले मंत्री किरोड़ी लाल मीणा
एनडीटीवी से बात करते हुए मंत्री किरोड़ी लाल मीणा
NDTV

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने एक बड़ा फैसला लेते हुए इस वर्ष की NEET यूजी परीक्षा रद्द कर दी है. मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए हुई  परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी. इस परीक्षा के पेपर लीक होने के आरोप लगे और राजस्थान का नाम इसमें सबसे अधिक चर्चा में है. राजस्थान से ही सबसे पहले आरोप लगे कि परीक्षा से पहले एक गेस पेपर बंटा और इसके बहुत सारे सवाल परीक्षा में आ गए. इसके बाद राजस्थान पुलिस की एसओजी ने जांच की और आखिरकार 12 मई को एनटीए ने परीक्षा रद्द कर दी. राजस्थान सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा है कि राजस्थान सरकार पेपर लीक की समस्या को बड़ी गंभीरता से लेती है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.

'एसओजी तत्पर ना होती तो पता नहीं क्या हो जाता'

राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा,"राजस्थान सरकार पेपर लीक को कितनी संवेदनशील है कि जैसे ही यह जानकारी मिली कि पेपर लीक हुआ है और 320 में से 120 प्रश्न  हूबहू गेस पेपर से आए हैं, तो सरकार ने तुरंत परीक्षा रद्द कर दी और सीबीआई जांच के आदेश दे दिए. अब जो भी कोई दोषी हो, चाहे केरल का हो या सीकर का, अब नहीं बच पाएगा."

मीणा ने साथ ही कहा,"एसओजी की तत्परता नहीं होती तो पता नहीं कौन से लोग डॉक्टर बन जाते जिनका कोई लेना-देना नहीं है. यह खेद की बात है कि जो योग्य छात्र हैं उन्हें दोबारा परीक्षा में बैठना पड़ेगा लेकिन उनका भविष्य सुरक्षित हो गया."

विपक्ष के आरोप बेबुनियाद

किरोड़ी लाल मीणा ने विपक्ष के रवैये की आलोचना की और कहा कि उनका आरोप सरासर गलत है कि सरकार पेपर लीक को दबाना चाहती थी. अगर दबाना ही होता तो सीबीआई की जांच क्या है और कैसे परीक्षा रद्द हो गई और अब दोबारा परीक्षा करवाई जाएगी.

मीणा ने कहा,"गहलोत साहब अभी जो बयान दे रहे हैं लेकिन पिछले 18 में से 17 पेपर उनके समय लीक हुए. एक में तो मैं ही रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए तीन दिन थाने पर बैठा रहा. उन्हें कोई नैतिक अधिकार नहीं है हमपर आरोप लगाने के लिए. उन्होंने सबसे ज्यादा पेपर लीक कराए. लेकिन हम सीकर की घटना को लेकर गंभीर हैं और सीबीआई जो भी दोषी होगा उसे दंड दिलाएगी."

ये भी पढ़ें-: 2, 3, 7, 8 और 10 मई... इन 5 दिनों में क्या हुआ, जिसके बाद रद्द हो गई परीक्षा, NEET UG 2026 से जुड़ी पूरी कहानी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com