NEET Re-Exam Result Date: मेडिकल की पढ़ाई यानी MBBS और BDS का सपना देख रहे लाखों स्टूडेंट्स के लिए ये साल काफी टेंशन वाला रहा है. जो छात्र मई की शुरुआत में नीट की परीक्षा देकर फ्री हो जाने की उम्मीद कर रहे थे, वे अब जून के लास्ट में दोबारा परीक्षा देने की तैयारी कर रहे हैं. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की तरफ से 3 मई 2026 को आयोजित हुआ पेपर लीक होने के बाद अब 21 जून 2026 को री-एग्जाम (Re-NEET) कराया जा रहा है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल जो स्टूडेंट्स और उनके पेरेंट्स के सामने है कि अगर एग्जाम में इतनी देरी हो रही है, तो आखिर रिजल्ट कब आएगा और काउंसलिंग में कितना समय लगेगा. आइए पिछले 5 सालों के ट्रेंड से समझते हैं इस बार कितनी देरी हो सकती है और कब तक रिजल्ट आने की उम्मीद है.
नीट 2026 का शेड्यूल कितना लेट है
एनटीए के शेड्यूल के मुताबिक, नीट की परीक्षा मई के पहले हफ्ते में हो जाती है और जून के बीच तक रिजल्ट आ जाता है, लेकिन पेपर लीक होने के बाद ये टाइमलाइन पूरी तरह बदल चुकी है. पहले तय तारीख 3 मई 2026 की परीक्षा अब नई तारीख 21 जून 2026 को है. साफ है कि परीक्षा कराने में ही करीब डेढ़ महीने (49 दिन) की देरी पहले ही हो चुकी है.
नीट रिजल्ट का पिछले 5 सालों का ट्रेंड कैसा रहा है
NEET 2025: 4 मई 2025 को परीक्षा हुई थी और रिजल्ट 14 जून 2025 को आया था. NTA को रिजल्ट तैयार करने में 41 दिन का समय लगा था.
NEET 2024: 5 मई 2024 को एग्जाम आयोजित किया गया था और रिजल्ट 4 जून 2024 को जारी हुआ. यह अब तक का सबसे तेज काम था, जिसमें सिर्फ 30 दिन लगे.
NEET 2023: परीक्षा 7 मई 2023 को हुई थी और रिजल्ट 13 जून 2023 को घोषित किया गया था. रिजल्ट आने में कुल 37 दिन का समय लगा था.
NEET 2022: 17 जुलाई 2022 को परीक्षा कराई गई थी और रिजल्ट 7 सितंबर 2022 को जारी हुआ था. इस बार सबसे ज्यादा यानी करीब 52 दिन की देरी हुई थी.
NEET 2021: कोविड और अन्य कारणों से परीक्षा 12 सितंबर 2021 को हुई थी और रिजल्ट 1 नवंबर 2021 को आया था. इसमें NTA को करीब 50 दिन लगे थे.
नीट 2026 का रिजल्ट कब आएगा?
जब मुख्य परीक्षा ही जून लास्ट में होगी, तो कॉपियों की चेकिंग, प्रोविजनल आंसर-की जारी करना और आपत्तियां दर्ज करने का पूरा प्रोसेस जुलाई तक खिंच जाएगा. एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस बार नीट का रिजल्ट सबसे तेजी से जारी करने की कोशिश की जाएगी. शिक्षा मंत्री ने भी हाल ही में बताया कि नीट परीक्षा के बाद रिजल्ट सटीक समय में जारी कर दिया जाएगा. पिछले सालों के रिकॉर्ड को भी देखें तो NTA को रिजल्ट जारी करने में कम से कम 30 से 52 दिन का समय लगता है. इस साल 21 जून को एग्जाम होगा, जिसके 20 से 25 दिन में रिजल्ट जारी किया जा सकता है. यानी रिजल्ट जुलाई के तीसरे या फिर आखिरी हफ्ते में जारी किया जा सकता है.
नीट री-एग्जाम 2026 का पूरा शेड्यूल
- NTA ने 7 जून 2026 को री-एग्जाम के लिए एडवांस सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी कर दी है. छात्र ऑफिशियल वेबसाइट (neet.nta.nic.in) पर जाकर देख सकते हैं कि उनका सेंटर किस शहर में है.
- इस बार छात्रों को पेपर सॉल्व करने के लिए 15 मिनट का एक्स्ट्रा समय मिलेगा. अब परीक्षा 3 घंटे 15 मिनट होगी, जो दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगा.
- री-एग्जाम के लिए फाइनल एडमिट कार्ड 14 जून 2026 को जारी किए जाएंगे.
- जिन छात्रों को फीस रिफंड से जुड़ी कोई प्रक्रिया पूरी करनी है, उनके लिए पोर्टल एक्टिव है और इसकी आखिरी तारीख 22 जून 2026 रात 11:50 बजे तक है.
NEET उम्मीदवारों को सता रहा री-एग्जाम का डर, बोले- 'क्या फिर वैसा ही लिख पाएंगे पेपर?'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं