नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने सभी मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों से कहा है कि नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (अंडरग्रेजुएट), 2026 से पहले छात्रों को छुट्टी न दें. नेशनल मेडिकल कमीशन ने अपने आदेश में कहा है कि केवल खास परिस्थितियों, जिनके लिए सही कारण हों तभी छुट्टी छात्रों को दी जाए. 23 अप्रैल, 2026 को जारी एक पब्लिक नोटिस में, कमीशन ने उच्च शिक्षा विभाग (शिक्षा मंत्रालय) द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने को कहा है. नोटिस में लिखा गया है, "यह सलाह दी जाती है कि 2 मई और 3 मई, 2026 को छात्रों को छुट्टी न दी जाए, सिवाय कुछ खास परिस्थितियों के, जिनके लिए उचित कारण हों.
दरअसल पिछले कुछ मामलों को देखते हुए ये आदेश जारी किया गया है, जिनमें कुछ मेडिकल कॉलेजों के छात्र ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए गए थे, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठे थे. आयोग ने मेडिकल कॉलेजों को यह भी निर्देश दिया है कि वे सतर्क रहें और छात्रों को उन गतिविधियों के प्रति जागरूक करें जो NEET UG परीक्षा के संचालन के लिए हानिकारक हो सकती हैं.
2 बजे से शुरू होगी परीक्षा
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी 3 मई को भारत के 552 शहरों और विदेश के 14 शहरों में NEET UG 2026 परीक्षा आयोजित करने जा रही है. यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी. जो कि पेन-एंड-पेपर मोड में होगी. परीक्षा वाले दिन उम्मीदवारों को दोपहर 1 बजे के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
सिटी इंटिमेशन स्लिप पहले ही जारी की जा चुकी है, जिससे छात्र अपने आवंटित शहर की जानकारी देख सकते हैं. वहीं एडमिट कार्ड 26 अप्रैल 2026 को जारी होने की उम्मीद है. इसे NTA NEET की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं